सतना। जिले के मझगवां स्थित सांदीपनि शासकीय विद्यालय में लंच ब्रेक के दौरान खेलते समय एक छात्र हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर सख्त रुख अपनाते हुए बीईओ और प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कोलगवां पुलिस के अनुसार, सुजीत प्रजापति (14) पुत्र राकेश प्रजापति, मूल निवासी बबेरू (जिला बांदा, उत्तर प्रदेश), मझगवां में अपने नाना के पास रहकर सांदीपनि शासकीय विद्यालय में कक्षा 7वीं का छात्र है।
गुरुवार को लंच ब्रेक के दौरान वह खेलते-खेलते विद्यालय की छत पर पहुंच गया। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
शिक्षकों ने पहुंचाया अस्पताल
छात्र की चीख-पुकार सुनकर विद्यालय के शिक्षक और चौकीदार तुरंत छत पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसका इलाज जारी है। फिलहाल छात्र की हालत स्थिर बताई जा रही है।
विद्यालय की छत के ऊपर से गुजर रही है हाईटेंशन लाइन
घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि विद्यालय भवन के ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजरना बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। लोगों ने लाइन को तत्काल दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की है।
एसडीएम ने बीईओ और प्राचार्य को जारी किया नोटिस
घटना की जानकारी मिलते ही मझगवां एसडीएम एवं आईएएस महिपाल सिंह गुर्जर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामविश्वास साकेत और विद्यालय के प्राचार्य राजेन्द्र उपाध्याय को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
नोटिस में 24 घंटे के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का प्रतीत होता है। यदि समय पर जवाब नहीं दिया गया या जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।