सतना। डिजिटल डेस्क
चित्रकूट के तराई क्षेत्र में लगातार बारिश से गुप्तगोदावरी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पहाड़ी से तेज बहाव के कारण दोनों गुफाओं के ऊपर से पानी बहने लगा, जिसके बाद नगर परिषद ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की एंट्री रोक दी।
दुकानदारों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की हिदायत
मंगलवार देर शाम से हो रही तेज बारिश के बाद गुप्तगोदावरी क्षेत्र में पानी का बहाव बढ़ गया। पहाड़ी से आने वाला पानी गुफाओं के ऊपर से बहने लगा।
स्थिति को देखते हुए नगर परिषद ने दोनों गुफाओं को बंद करा दिया है। गुफा परिसर की कई दुकानों में भी पानी पहुंचने की जानकारी है। दुकानदारों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की हिदायत दी गई है।
मंदाकिनी उफान पर, लोगों से सावधानी की अपील
लगातार बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है। नगर परिषद की ओर से मुनादी कर लोगों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जा रही है।
आरोग्यधाम के पास एक पुल के ऊपर से पानी बहने की बात भी सामने आई है। इसके बावजूद कुछ लोगों के नदी में उतरने की तस्वीरें सामने आई हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
उफनती नदी के बीच अनुष्ठान का वीडियो
स्फटिक शिला क्षेत्र से सामने आए एक वीडियो में उफनती मंदाकिनी नदी के बीच कुछ पंडित श्रद्धालुओं का अनुष्ठान कराते दिखाई दे रहे हैं।
बारिश के दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में प्रशासन की अपील के बावजूद नदी के बीच मौजूदगी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाती है।
यह भी पढ़ें: गुप्त गोदावरी का रहस्य: गुफा के अंदर क्यों बहता है पानी