सतना। डिजिटल डेस्क
भारी बारिश के बीच सतना नदी का जलस्तर बढ़ने से शहर से लगे जिगनहट क्षेत्र में सड़क का बड़ा हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया। सड़क क्षतिग्रस्त होने से जिगनहट होते हुए पोंड़ी-पतौरा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
एनीकेट का पानी सड़क पर आया, बह गया मार्ग
भारी बारिश के कारण चित्रकूट समेत सतना जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। सतना नदी का जलस्तर बढ़ने से कई स्थानों पर पुल और रपटे प्रभावित हुए हैं। इसी बीच सोमवार को शहर से लगे जिगनहट में पुलिया के पास बने नगर निगम के एनीकेट में पानी का बहाव अचानक तेज हो गया।
तेज बहाव के कारण नदी का पानी सड़क पर आ गया। पानी के दबाव से जिगनहट-पोंड़ी मार्ग का बड़ा हिस्सा बह गया और सड़क पर गहरी खाई बन गई। सड़क का हिस्सा बहने के बाद इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही संभव नहीं रह गई।
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बंद कराया रास्ता
सड़क बहने की सूचना मिलते ही एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया राजस्व अमले, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने क्षतिग्रस्त सड़क के दोनों तरफ बैरिकेटिंग कराकर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।
मार्ग बंद होने से सतना से जिगनहट के रास्ते पोंड़ी की ओर जाने वाला आवागमन प्रभावित हुआ है। स्थानीय स्तर पर लोगों को दूसरे रास्तों का उपयोग करना पड़ रहा है।
दोबारा बारिश हुई तो बढ़ सकता है कटाव
मौके पर मौजूद स्थिति को देखते हुए आशंका है कि यदि क्षेत्र में दोबारा तेज बारिश होती है और सतना नदी का जलस्तर बढ़ता है, तो सड़क के बचे हुए हिस्से में भी कटाव बढ़ सकता है। ऐसे में मार्ग के और अधिक क्षतिग्रस्त होने की संभावना बनी हुई है।