SGH की चौथी मंजिल से कूदा युवक, इलाज के दौरान मौत

रीवा। डिजिटल डेस्क

संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय (SGMH) की चौथी मंजिल से 20 वर्षीय युवक ने छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल के सर्जरी आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

लोगों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक ने छलांग लगा दी

घटना के समय अस्पताल के नीचे काफी लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक चौथी मंजिल से नीचे देखने के दौरान छलांग लगाने की स्थिति में था। नीचे मौजूद लोगों ने उसे ऐसा कदम न उठाने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी और नीचे छलांग लगा दी।

गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल के सर्जरी आईसीयू में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

निजी अस्पताल में करता था काम

मृतक की पहचान अर्जुन चमकेल (20), पिता चंद्रपाल, निवासी पांडेन टोला, थाना सिटी कोतवाली के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक अर्जुन एक निजी अस्पताल में काम करता था।

परिजनों के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहा था और इसे लेकर मानसिक तनाव में रहता था।

घर से डॉक्टर को दिखाने के लिए निकला था

घटना की जानकारी मिलने के बाद अर्जुन के परिजन अस्पताल पहुंचे। उसकी मां ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे अर्जुन घर से यह कहकर निकला था कि वह गुटखा लेकर आता है।

कुछ देर बाद परिवार को जानकारी मिली कि अर्जुन संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय की चौथी मंजिल से नीचे गिर गया है। परिजन अस्पताल पहुंचे तो वह गंभीर हालत में उपचाररत था।

बीमारी के बाद तनाव में रहने की बात

अर्जुन की मां के मुताबिक करीब चार साल पहले उसे टीबी जैसी बीमारी हुई थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहता था। मौजूदा समय में भी उसकी तबीयत ठीक नहीं थी।

परिजनों के अनुसार अर्जुन डॉक्टर को दिखाने के लिए तैयार हुआ था, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

युवक के अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगाने की घटना कुछ लोगों के मोबाइल फोन में रिकॉर्ड हो गई। घटना के बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है।

अमहिया पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही अमहिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई है। मृतक का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाना है।

पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *