सतना। वाहन चेकिंग के दौरान उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब पिकअप में सवार कांवड़ यात्री कार्रवाई की बात सुनकर सड़क पर धरने पर बैठ गए। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और यात्री आगे रवाना हो गए।
वाहन चेकिंग के दौरान सामने आए कांवड़ यात्री
सतना में मंगलवार शाम करीब साढ़े 5 बजे कोठी तिराहे पर यातायात पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन को पुलिसकर्मियों ने रोककर जांच की।
जांच के दौरान पिकअप के पीछे की तरफ दो लेयर में दो दर्जन से ज्यादा कांवड़ यात्री बैठे मिले। पुलिस ने मालवाहक वाहन में यात्रियों को ले जाने और क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने को नियमों के खिलाफ बताया।
चालानी कार्रवाई की बात पर नाराज हुए यात्री
पुलिसकर्मियों ने वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की बात कही। इसी बात को लेकर पिकअप में सवार कांवड़ यात्री नाराज हो गए।
यात्रियों ने कोठी तिराहे पर ही सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। कुछ देर के लिए मौके पर विवाद जैसी स्थिति बन गई और लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
पुलिस की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कांवड़ यात्रियों से बातचीत की और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
समझाइश के बाद कांवड़ यात्रियों ने भविष्य में नियमों का पालन करने की सहमति जताई। इसके बाद धरना समाप्त हुआ और यात्री अपने आगे के सफर पर रवाना हो गए।
सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में कांवड़ यात्रियों के सड़क पर बैठने और मौके पर मौजूद लोगों के बीच बातचीत का दृश्य दिखाई दे रहा है।