मैहर। डिजिटल डेस्क।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मैहर में बहनों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित सम्मेलन में बहनों ने मुख्यमंत्री को विशाल राखी बांधी और मुख्यमंत्री ने सावन का झूला झुलाकर बहनों का स्नेह स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों के चेहरे की खुशी देखकर ऐसा लगता है जैसे उनका पुनर्जन्म हो गया हो। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा के तीज-त्योहार परिवार के रिश्तों को जीवंत करते हैं और रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह व आशीर्वाद का पर्व है।
1.25 करोड़ बहनों को 2,148.30 करोड़ रुपये का उपहार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन के पावन महीने में 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों को योजना की राशि के साथ रक्षाबंधन के लिए 250 रुपये अतिरिक्त दिए जा रहे हैं। उन्होंने मैहर की खिलाड़ी अन्नया अवधिया और उन्नति पाण्डेय के साथ सिंगल क्लिक से राशि जारी की।
उन्होंने कहा कि जब बहनें अपने भाई को तिलक लगाकर मिठाई खिलाएंगी, तब उन्हें लगेगा कि सभी बहनों का आशीर्वाद मिल गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाएं लखपति बनी हैं और उद्योग लगाने के लिए भी उन्हें प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
बरगी नहर से जल्द विंध्य पहुंचेगा नर्मदा का पानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि विंध्य के लोगों को बरगी नहर के पानी का 17 साल से इंतजार था। अब टनल का काम पूरा हो चुका है और आने वाले कुछ महीनों में नर्मदा का पानी मैहर, सतना और रीवा जिले के किसानों के खेतों तक पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के तहत किसानों को कई सुविधाएं दी जा रही हैं। अब किसान सहकारी समितियों में अपने खाते का नवीनीकरण कभी भी करा सकेंगे।
मां शारदा लोक का प्रथम चरण जल्द शुरू होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां शारदा लोक के निर्माण का काम जल्द शुरू होगा। कार्यक्रम में इसके प्रथम चरण का भूमिपूजन भी किया गया।
उन्होंने बताया कि राम पथ गमन और चित्रकूट में वनवासी रामलोक के लिए 3 हजार करोड़ रुपये के कार्य मंजूर किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां शारदा के आशीर्वाद से नवगठित मैहर जिला तेजी से विकास कर रहा है।
मैहर में लाड़ली बहना योजना कार्यक्रम का वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें
मैहर को अस्पताल, सब स्टेशन और तालाब की सौगात
मुख्यमंत्री ने मैहर जिले के लिए कई नए विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। इनमें बदेरा में विद्युत सब स्टेशन और मैहर में आधुनिक अस्पताल का निर्माण शामिल है।
उन्होंने कहा कि 50 करोड़ रुपये की लागत से लिलजी तालाब का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके अलावा मैहर में 5 हजार गौवंश की क्षमता वाली गौशाला बनाने की भी घोषणा की गई।
कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले प्रत्येक आल्हा दल को 25-25 हजार रुपये देने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।
256 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने मैहर जिले में कुल 256 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनमें मां शारदा लोक के प्रथम चरण का भूमिपूजन भी शामिल है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्व-सहायता समूहों के अनुदान, उद्यम क्रांति योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए।
नशामुक्ति के लिए बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त करने के बाद अब समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को नशे की राह से बचाने के लिए बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देना जरूरी है।
उन्होंने सनातन परंपराओं और त्योहारों को परिवार तथा समाज को जोड़ने वाला माध्यम बताया।
जनप्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्र की मांगें
सांसद गणेश सिंह ने मुख्यमंत्री को बरगी नहर का निर्माण पूरा कराने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने बाणसागर बांध में नौसेना का ट्रेनिंग सेंटर बनाने और मैहर-सतना को औद्योगिक कॉरिडोर से जोड़ने की मांग रखी।
मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने मां शारदा लोक, अस्पताल, रिंग रोड, आधुनिक स्टेडियम, सड़कों और बदेरा में सब स्टेशन सहित विभिन्न विकास कार्यों की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी सहित विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।