सतना जिले के मैहर कोतवाली क्षेत्र में एनएच-30 स्थित पोड़ी के पास लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस के अनुसार हरदासपुर निवासी अर्जुन सिंह (30) और तपा निवासी विक्रम सिंह, जो एक निजी कंपनी में प्रोडक्ट डिस्ट्रीब्यूशन का कार्य करते हैं, 2 अगस्त को कटनी से मैहर लौट रहे थे। दोनों अलग-अलग बाइक पर सवार थे।
रात करीब 11 बजे पोड़ी के पास पहुंचते ही ऑटो में सवार चार बदमाशों ने उनकी बाइक ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की और 30 हजार रुपये नकद तथा पिट्ठू बैग लूटकर फरार हो गए।
मारपीट में दोनों घायल, एक की हालत गंभीर
हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सिविल अस्पताल मैहर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सतना के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। अर्जुन की हालत में सुधार होने पर उसने अस्पताल से छुट्टी लेकर मैहर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वहीं विक्रम के सिर में गंभीर चोट आई है और उसका इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी
पीड़ित की शिकायत के आधार पर मैहर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ऑटो सवार बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।