जमीन विवाद में पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला, वीडियो वायरल

मैहर। डिजिटल डेस्क

मैहर कोतवाली क्षेत्र के नरौरा गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में पिता-पुत्र घायल हुए हैं। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लेते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

पुराने विवाद में बुजुर्ग पर हमला करने का आरोप

पुलिस के अनुसार नरौरा गांव निवासी मुन्नालाल पटेल उम्र 60 वर्ष 16 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे अपनी जमीन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान श्यामलाल पटेल और उनके बेटे धर्मेन्द्र पटेल से उनका विवाद हो गया।

आरोप है कि पुराने जमीन विवाद को लेकर दोनों ने मुन्नालाल के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह वहां से बचकर मुन्नालाल अपने घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

विरोध करने पहुंचे बेटे पर भी हमला

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुन्नालाल के बेटे अमित पटेल उम्र 38 वर्ष मौके पर पहुंचे और मारपीट का विरोध किया। पुलिस के मुताबिक इसके बाद आरोपियों ने अमित के साथ भी मारपीट की।

मारपीट में मुन्नालाल के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है, जबकि अमित के पैर और सिर में चोट लगी है। दोनों को पहले सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में एक युवक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक मामले में गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गुरुवार शाम पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र पटेल को हिरासत में ले लिया। वहीं उसके पिता श्यामलाल पटेल की तलाश की जा रही है।

जमीन विवाद को लेकर पुलिस कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, घायलों के बयान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद होने की बात भी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *