ट्रैक्टर एजेंसी से ट्रॉली चोरी का खुलासा, पहचान छिपाने रंग बदला

सतना। डिजिटल डेस्क

मैहर कोतवाली पुलिस ने ट्रैक्टर एजेंसी के बाहर से नई ट्रॉली चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई ट्रॉली बरामद कर ली है। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए ट्रॉली का रंग तक बदल दिया था।

नई ट्रॉली चोरी कर बदमाशों ने बदला रंग

पुलिस के अनुसार हरदुआ नागौद निवासी अंकुल बागरी उम्र 31 वर्ष हरनामपुर में ट्रैक्टर एजेंसी संचालित करते हैं। एजेंसी के बाहर ट्रैक्टर की ट्रॉलियां और अन्य कृषि उपकरण रखे जाते हैं।

12 सितंबर की रात अज्ञात बदमाश एजेंसी के बाहर रखी एक नई ट्रॉली चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर संचालक ने मैहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

तीन आरोपियों से पूछताछ में खुला राज

जांच के दौरान पुलिस को चोरी में शामिल आरोपियों के बारे में सुराग मिला। इसके बाद अमरपाटन थाना क्षेत्र के ओबरा निवासी रवि कुशवाहा उम्र 19 वर्ष, जुड़मनिया निवासी पंकज कुशवाहा उम्र 24 वर्ष और लालपुर निवासी विश्वनाथ केवट उम्र 22 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों ने ट्रॉली चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद ट्रॉली की पहचान छिपाने के लिए उसका मूल हरा रंग बदलकर नीला कर दिया था।

रामपथ मार्ग के पास छिपाकर रखी थी ट्रॉली

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर रामपथ मार्ग के पास छिपाकर रखी गई चोरी की ट्रॉली बरामद कर ली। पुलिस के मुताबिक बरामद ट्रॉली और वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपए है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रवि कुशवाहा कुछ समय से आदित्य विश्वकर्मा का ट्रैक्टर चला रहा था। पुलिस के अनुसार इसी ट्रैक्टर का इस्तेमाल एजेंसी से ट्रॉली चोरी करने में किया गया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया।

तीनों आरोपियों को जेल भेजा

मैहर कोतवाली पुलिस ने रवि कुशवाहा, पंकज कुशवाहा और विश्वनाथ केवट को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *