गयाजी से लौट रहे दमोह के दो भाइयों की मौत, NH-30 पर कार डिवाइडर से टकराई

मैहर। डिजिटल डेस्क

मैहर जिले में शनिवार तड़के हुए सड़क हादसे में दमोह के दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों गयाजी से पिंडदान कर इनोवा कार से दमोह लौट रहे थे। ग्राम पोड़ी के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

रात करीब 3 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक हादसा नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम पोड़ी के पास रात करीब 3 बजे हुआ। इनोवा कार क्रमांक MP 20 BA 5139 में दमोह के संजय गंगेले, उनके भाई सुधीर गंगेले और चालक राजा रैकवार सवार थे।

कार गयाजी से पिंडदान और श्राद्ध के बाद दमोह लौट रही थी। इसी दौरान कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

डॉक्टर और प्राचार्य भाईयों की मौत

हादसे में डॉ. संजय गंगेले (59) और उनके बड़े भाई सुधीर गंगेले (61) की मौत हो गई। सुधीर गंगेले शासकीय स्कूल में प्राचार्य थे, जबकि संजय गंगेले चिकित्सक थे।

संजय गंगेले की पत्नी डॉ. श्रद्धा गंगेले भी चिकित्सक हैं। हादसे के समय वह भोपाल में थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

चालक गंभीर घायल

हादसे में कार चालक राजा रैकवार (27) गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस को हादसे की सूचना सुबह करीब 4 बजे मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।

हादसे की वजह की जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी में चालक को झपकी आने या हाईवे पर अचानक मवेशी आने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने हादसे की वजह को लेकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *