ट्रक चला रहे चालक की स्‍टेयरिंग पर मौत, खड़ी बस से टकराया बेकाबू वाहन

मैहर। डिजिटल डेस्क

मैहर जिले में रामवन पथ गमन मार्ग पर उमरी-पैला के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। चलते ट्रक के चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बस से टकरा गया। हादसे के बाद चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गनीमत रही कि बस में उस समय कोई यात्री सवार नहीं था।

चालक की तबीयत बिगड़ने के बाद अनियंत्रित हुआ ट्रक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक बीआर 24 जीडी 9212 क्लिंकर लादकर रायबरेली की ओर जा रहा था। रामवन पथ गमन मार्ग पर उमरी-पैला के पास चलते समय चालक नीरज सिंह (33), पिता शिवनायक सिंह, निवासी खेरवा, रायबरेली (उत्तर प्रदेश) की अचानक तबीयत बिगड़ गई।

इसके बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी बस से सामने की ओर टकरा गया। हादसे के बाद चालक बेहोशी की हालत में मिला। उसे आनन-फानन में सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

टायर पंचर होने से सड़क किनारे खड़ी थी बस

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बस क्रमांक एमपी 41 पी 1570 चित्रकूट से नेत्र रोगियों को लेकर डिंडोरी जा रही थी। उमरी-पैला के पास बस का टायर पंचर हो गया था। इसके बाद चालक ने बस सड़क किनारे खड़ी कर दी और टायर बदलने लगा।

बस में सवार यात्रियों को नीचे उतार दिया गया था। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रक बस से टकरा गया। यात्रियों के पहले ही नीचे उतर जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

ट्रक चालक नीरज सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवाया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने को ट्रक के अनियंत्रित होने की वजह बताया जा रहा है। मौत का सटीक कारण चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *