सतना में चोर पकड़ने गई पुलिस टीम हादसे का शिकार, एक आरक्षक ICU में

सतना। डिजिटल डेस्क

सतना के विराट नगर में चोरों की तलाश करने पहुंची पुलिस टीम के दो जवान हाइटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर घायल हो गए। हादसा गुरुवार रात करीब 10 बजे हुआ। दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद प्रधान आरक्षक विवेक द्विवेदी को छुट्टी दे दी गई, जबकि आरक्षक आनंद सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

चोर की सूचना पर मौके पर पहुंची थी पुलिस

सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा के मुताबिक, गुरुवार रात पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि विराट नगर में प्रियंका द्विवेदी के तीन मंजिला मकान में चोर घुसे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और तलाश शुरू की।

इस दौरान पुलिस ने विकास बागरी (30), पिता रामशरण बागरी, निवासी नौवस्ता, थाना नागौद को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अत्यधिक नशे की हालत में था।

तीसरी मंजिल पर तलाशी के दौरान लगा करंट

एक आरोपी को पकड़ने के बाद पुलिसकर्मी मकान की तीसरी मंजिल पर यह देखने पहुंचे कि कहीं कोई दूसरा चोर छत पर तो नहीं छिपा है। मकान की बाउंड्री के पास से हाइटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी।

इसी दौरान पुलिसकर्मियों के हाथ में मौजूद डंडा बिजली लाइन से छू गया। करंट लगने से प्रधान आरक्षक विवेक द्विवेदी और आरक्षक आनंद सिंह घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

आरक्षक की हालत पर अधिकारियों ने ली जानकारी

हादसे में आनंद सिंह के सिर और पैर में चोटें आई हैं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर निगरानी में रखा है। वहीं, विवेक द्विवेदी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घटना की जानकारी मिलने पर सीएसपी मनीष त्रिपाठी अस्पताल पहुंचे और घायल आरक्षक के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *