मंडला। डिजिटल डेस्क
नैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुर में गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे युवकों के साथ शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। पंडाल में अचानक करंट फैलने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हुए हैं। घटना सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात गणेश प्रतिमा के विसर्जन के बाद 7 से 8 युवक पंडाल में सो रहे थे। इसी दौरान शनिवार सुबह पंडाल में करंट फैल गया। हादसे में जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) की मौत हो गई। सभी हीरापुर गांव के निवासी बताए गए हैं।
तीन घायल, एक की हालत गंभीर
हादसे में प्रियांश भांवरे (20), नीरज भांवरे (22) और मौसम भांवरे (17) घायल हुए हैं। प्रियांश की हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं नीरज और मौसम का उपचार नैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
प्रशासन और बिजली विभाग की टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, एसडीओपी और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया है। पंडाल में करंट कैसे फैला और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद हीरापुर गांव में शोक का माहौल है। एक साथ चार युवकों की मौत से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है।