सतना, सीधी और जबलपुर के लिए चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें; रीवा के लिए कुल 26 बसें रवाना
रीवा। डिजिटल डेस्क
प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने की दिशा में रीवा को 6 इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिली है। भोपाल में आयोजित मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा एवं पीएम ई-बस सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने प्रदेश के विभिन्न शहरों के लिए 350 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रीवा के लिए इनमें 6 इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बसें और 20 डीजल बसें, यानी कुल 26 बसें शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 6 इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बसें प्राप्त करने वाला रीवा प्रदेश का पहला शहर बना है।
सतना, सीधी और जबलपुर के लिए चलेंगी बसें
नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन रीवा से सतना, सीधी और जबलपुर मार्गों पर किया जाएगा। प्रत्येक मार्ग पर दो-दो इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना है।
इससे रीवा और इन तीनों शहरों के बीच सार्वजनिक परिवहन के विकल्प बढ़ेंगे। खास तौर पर नियमित रूप से इन मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने बस में किया सफर
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा के लिए रवाना की गई बस में भोपाल के दशहरा मैदान से मुख्यमंत्री निवास तक सफर भी किया।
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से डीजल आधारित परिवहन की तुलना में प्रदूषण कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही रीवा और आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा, रोजगार, व्यापार और पर्यटन से जुड़े आवागमन को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की बात कही गई है।
रीवा से अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में रीवा से नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर मुरारी कुमार भी उपस्थित रहे।