छतरपुर। जिले के प्रकाश बम्होरी थाना क्षेत्र के जमूड़े के पुरवा गांव में सोमवार को दर्दनाक घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार 24 वर्षीय भागवती कुशवाहा पति सुरेश कुशवाहा ने अपनी तीन वर्षीय बेटी संध्या और 18 माह के बेटे पुष्पेंद्र के साथ कुएं में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से तीनों को कुएं से बाहर निकाला गया।
अस्पताल ले जाते समय बेटे की मौत
ग्रामीणों के सहयोग से 18 माह के पुष्पेंद्र को कुएं से बाहर निकाला गया। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। ग्रामीण उसे तत्काल बारीगढ़ के उप स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालांकि वहां मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। महिला और उसकी तीन वर्षीय बेटी की भी मौत हो चुकी थी। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शराब को लेकर विवाद की बात सामने आई
बताया जा रहा है कि कुशवाहा परिवार गांव के बाहर खेत पर रहता था। ग्रामीणों के अनुसार महिला और उसके पति के बीच शराब को लेकर विवाद होता रहता था। हालांकि पुलिस ने अभी घटना के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं की है। घरेलू विवाद की बात सामने आने के बाद पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
प्रकाश बम्होरी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी श्याम बेन ने बताया कि महिला और उसके दो बच्चों की मौत हुई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के कारणों की पुष्टि के लिए जांच जारी है।
परिवार में पसरा मातम
एक साथ महिला और उसके दो बच्चों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले महिला के साथ क्या परिस्थितियां बनी थीं और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी।