स्कॉर्पियो से स्टंट और इंस्टाग्राम रील, पुलिस ने ठोका 19 हजार जुर्माना

सतना। इंस्टाग्राम रील बनाने के चक्कर में फ्लाईओवर पर खतरनाक स्टंट करना दो युवकों को भारी पड़ गया। ट्रैफिक पुलिस ने दोनों पर कार्रवाई कर 19 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। सतना में फ्लाईओवर पर स्कॉर्पियो से स्टंट कर इंस्टाग्राम रील बनाने का मामला सामने आया है। रील सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने जांच शुरू की।

ट्रैफिक इंचार्ज पूनम रावत के मुताबिक सोमवार सुबह अर्णव शुक्ला नामक युवक के इंस्टाग्राम अकाउंट पर रील पोस्ट की गई थी। वीडियो में काले रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक MP 19 CC 7769 को फ्लाईओवर पर खतरनाक ढंग से चलाते हुए एक युवक दिखाई दे रहा था। उसके पीछे चल रही क्रेटा कार में सवार लोग स्टंट का वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे।

स्कॉर्पियो में सायरन और ब्लिंकर लाइट लगी थी

पुलिस के मुताबिक काली स्कॉर्पियो की पीछे की नंबर प्लेट गायब थी। वाहन में सायरन और ब्लिंकर लाइट भी लगी हुई थी। पीछे चल रही काले रंग की क्रेटा कार क्रमांक MP 19 ZM 5011 में भी ब्लैक फिल्म लगी थी और ब्लिंकर लाइट चमक रही थी। स्टंट के दौरान फ्लाईओवर से गुजर रहे कई वाहन चालक हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बचे।

पुलिस ने युवकों की पहचान कर थाने बुलाया

रील सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने वीडियो की जांच करते हुए स्टंट में शामिल युवकों की पहचान की। पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो चलाने वाले युवक की पहचान आयुष पुत्र मनोज बागरी, निवासी भरहुत नगर के रूप में हुई। वहीं वीडियो बनाने वाले युवक की पहचान अर्णव शुक्ला पुत्र दीप शुक्ला, निवासी खजुरी टोला के रूप में की गई। इसके बाद दोनों युवकों को उनके परिजनों और संबंधित वाहनों के साथ थाने बुलाया गया।

सायरन- ब्लिंकर जब्त, ब्लैक फिल्म भी हटाई

यातायात पुलिस ने कार्रवाई के दौरान स्कॉर्पियो में लगे सायरन और ब्लिंकर लाइट जब्त कर लिए। इसके अलावा वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म भी हटवाई गई। पुलिस ने बिना लाइसेंस और खतरनाक ढंग से वाहन चलाने के मामले में चालानी कार्रवाई की।

दो युवकों से वसूला 19 हजार रुपए जुर्माना

ट्रैफिक पुलिस ने आयुष से 15 हजार रुपए और अर्णव से 4 हजार रुपए का अर्थदंड वसूल किया। इस तरह दोनों से कुल 19 हजार रुपए का जुर्माना लिया गया। पुलिस ने दोनों युवकों को कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में इस तरह की स्टंटबाजी नहीं करने की चेतावनी दी। युवकों और उनके साथियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *