मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शुरुआत, हर शुक्रवार जनता के बीच जाएंगे मंत्री-अधिकारी; कर्मचारियों की पदोन्नति पर भी बड़ा ऐलान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा से राज्यव्यापी मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का शुभारंभ किया। अभियान के जरिए सरकार हर सप्ताह जनता के बीच जाकर शिकायतों का मौके पर समाधान करेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की पदोन्नति और भर्ती को लेकर भी बड़ा बयान दिया।

जनता के बीच पहुंचेगी सरकार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार अब कार्यालयों तक सीमित नहीं रहेगी। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार मुख्यमंत्री, मंत्री, प्रभारी मंत्री, कलेक्टर और विभागीय अधिकारी जिलों, गांवों और शहरी वार्डों में जाकर योजनाओं की जमीनी हकीकत परखेंगे। शिकायतों के निराकरण की साप्ताहिक समीक्षा होगी और जिलों का ऑनलाइन रिपोर्ट कार्ड भी तैयार किया जाएगा।

शिकायतों का मौके पर होगा समाधान

अभियान का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी और प्रशासन को सीधे लोगों के बीच ले जाना है। मुख्यमंत्री स्वयं भी चयनित शिकायतकर्ताओं से संवाद करेंगे तथा अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देंगे।

कर्मचारियों की पदोन्नति पर मुख्यमंत्री का बड़ा बयान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा जिले के 1,281 अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन कर्मचारियों की पदोन्नति लंबे समय से अटकी है, उनके हितों का भी सरकार ध्यान रखेगी।

भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी कही बड़ी बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। सरकार विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया तेज कर रही है और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।

अभियान की खास बातें

  • प्रत्येक शुक्रवार जिलों में जनसंवाद और निरीक्षण।
  • मंत्री, कलेक्टर और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर शिकायतें सुनेंगे।
  • योजनाओं की जमीनी समीक्षा और ऑनलाइन मॉनिटरिंग।
  • जिलों का प्रदर्शन रिपोर्ट कार्ड तैयार होगा।
  • शिकायतों के निराकरण की साप्ताहिक समीक्षा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *