छिंदवाड़ा। नागद्वारी दर्शन के लिए निकले नागपुर के एक श्रद्धालु की शुक्रवार रात सिमरिया मंदिर के पास दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। वाहन से उतरकर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आने से हादसा हुआ। टक्कर के बाद ट्राले का पिछला पहिया श्रद्धालु के ऊपर से गुजर गया।
वाहन से उतरकर सड़क पार कर रहे थे
उमरानाला चौकी प्रभारी राजेश साहू के मुताबिक हादसा शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे सिमरिया मंदिर के पास हुआ। मृतक की पहचान नागपुर के हिंगना निवासी कैलाश पिता मूलचंद कचोरे (48) के रूप में हुई है। बताया गया कि कैलाश नागद्वारी दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के साथ वाहन में सवार थे।
सिमरिया मंदिर के पास वाहन रुकने पर वे बाथरूम करने के लिए उतरे और सड़क पार कर दूसरी तरफ गए। वापस लौटते समय तेज रफ्तार ट्राला उनकी चपेट में आ गया।
ट्राले के पिछले पहिए की चपेट में आए
हादसा इतना गंभीर था कि ट्राले का पिछला टायर कैलाश के ऊपर से गुजर गया। इसके बाद वे करीब 10 से 12 फीट तक सड़क पर घिसटते चले गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर शव के अवशेष और खून बिखर गया था। प्रारंभिक तौर पर मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
नागपुर पुलिस के जरिए हुई मृतक की पहचान
हादसे के बाद उमरानाला पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए नागपुर पुलिस के विभिन्न ग्रुपों में जानकारी साझा की। इसके बाद मृतक की पहचान कैलाश कचोरे के रूप में हो सकी। पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
चादर में समेटकर शव अस्पताल भेजा
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस को आसपास के दुकानदारों की मदद से सड़क पर बिखरे शव के अवशेषों को एकत्र करना पड़ा। पुलिस और स्थानीय लोगों ने अवशेषों को चादर में एकत्र कर वाहन के जरिए जिला अस्पताल के शवगृह पहुंचाया।
ट्राला जब्त, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्राले को जब्त कर उमरानाला चौकी में खड़ा करा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार हादसे की परिस्थितियों और वाहन चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।