फर्जी Instagram ID से दोस्ती, 16 वर्षीय लड़की को बनाया बंधक; डिलीवरी बॉय की सूझबूझ से बची जान

महाराष्ट्र के नागपुर में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक 16 वर्षीय लड़की के लिए खौफनाक साबित हुई। फर्जी Instagram ID बनाकर युवक ने नाबालिग को अपने जाल में फंसाया, बंधक बनाकर प्रताड़ित किया और उसकी जान पर बन आई। समय रहते पुलिस और एक डिलीवरी बॉय की सूझबूझ से लड़की को सुरक्षित बचा लिया गया।

फिर शुरू हुआ खौफनाक खेल

पुलिस के अनुसार 19 वर्षीय आरोपी ने ‘आकाश मेहरा‘ नाम से फर्जी Instagram अकाउंट बनाया और पिछले वर्ष 16 वर्षीय लड़की से दोस्ती की। दोनों के बीच लगातार बातचीत हुई और इसी दौरान आरोपी ने उसका विश्वास जीत लिया। बाद में लड़की घर से निकलकर उससे मिलने पहुंची, जहां आरोपी उसे नागपुर के दिघोरी इलाके स्थित किराए के मकान में ले गया।

हाथ-पैर बांधकर बनाया बंधक

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने लड़की को कमरे में बंधक बनाकर रखा। उसके हाथ-पैर बांध दिए गए थे और उसके शरीर पर चोट के कई निशान मिले। कमरे से एक चाकू भी बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और लड़की को सुरक्षित बाहर निकाला।

डिलीवरी बॉय की सतर्कता बनी जीवनरक्षक

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी ने कमरे में ऑनलाइन खाना मंगाया था। डिलीवरी बॉय को लड़की की संदिग्ध स्थिति देखकर शक हुआ। उसकी सूचना और पुलिस की तकनीकी लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर टीम मौके तक पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।

आरोपी गिरफ्तार, POCSO समेत कई धाराओं में केस

पुलिस ने आरोपी निर्भय पाखरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ POCSO Act, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उसके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं उसने अन्य लोगों को भी इसी तरह निशाना तो नहीं बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *