फीस नहीं देने पर छात्रा को पीटने का आरोप, नाक से निकला खून; प्राचार्य पर FIR

सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र के कृष्णनगर स्थित सरस्वती विद्यालय में 10वीं कक्षा की एक अनाथ छात्रा ने विद्यालय के प्राचार्य मुद्रिका प्रसाद दुबे पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूर्व प्राचार्य ने फीस माफ करने का दिया था आश्वासन

पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है। वह और उसका भाई अपने चाचा के साथ रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। छात्रा का कहना है कि विद्यालय के पूर्व प्राचार्य ने उनकी पारिवारिक स्थिति को देखते हुए फीस माफ कर दी थी और कहा था कि विद्यालय में पढ़ाई पूरी होने तक शुल्क नहीं लिया जाएगा।

‘कक्षा से बाहर निकाला, मारपीट की’

शिकायत के अनुसार, नए शैक्षणिक सत्र में नए प्राचार्य ने फीस जमा नहीं होने पर स्कूल में प्रवेश रोकने की बात कही। छात्रा का आरोप है कि बुधवार दोपहर जब वह विद्यालय पहुंची तो उसे कक्षा से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद जब वह अपनी बात रखने प्राचार्य कार्यालय पहुंची तो उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई, जिससे उसकी नाक से खून निकलने लगा और दाहिने हाथ में चोट आई।

छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद वह कुछ समय तक स्कूल गेट के सामने अचेत अवस्था में पड़ी रही, लेकिन उसे तत्काल इलाज के लिए नहीं भेजा गया।

विद्यालय प्रबंधन ने भी दर्ज कराई शिकायत

दूसरी ओर, विद्यालय प्रबंधन ने कोलगवां थाने में लिखित शिकायत देकर छात्रा के चाचा पर प्राचार्य कार्यालय में पहुंचकर हंगामा और अभद्रता करने का आरोप लगाया है।

प्रबंधन का कहना है कि छात्रा और उसके भाई की पिछले और वर्तमान सत्र की 58,930 रुपए की फीस बकाया है। कई बार सूचना देने के बावजूद फीस जमा नहीं की गई। प्रबंधन का आरोप है कि शुल्क मांगने पर अभिभावकों की ओर से अनुचित व्यवहार किया गया।

पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की कर रही जांच

कोलगवां थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *