ओंकारेश्वर। डिजिटल डेस्क
तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में गुरुवार सुबह नर्मदा नदी में चल रही एक नाव के इंजन में अचानक आग लग गई। गोमुख घाट के सामने हुई घटना के समय नाव में करीब 5 से 6 यात्री सवार थे। आग की लपटें उठते ही नाविक ने सभी यात्रियों को दूसरी नाव में सुरक्षित शिफ्ट कर दिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
नाव क्रमांक 198 के इंजन में लगी आग
जानकारी के मुताबिक घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की है। नर्मदा नदी में नाव क्रमांक 198 यात्रियों को लेकर जा रही थी। गोमुख घाट के सामने पहुंचने पर नाव के इंजन से अचानक आग की लपटें उठने लगीं।
नाव में होंडा कंपनी का पेट्रोल इंजन लगा हुआ था। आग बढ़ती देखकर नाव में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
नाविक ने यात्रियों को दूसरी नाव में पहुंचाया
आग लगने के बाद नाविक ने तत्काल यात्रियों को दूसरी नाव में शिफ्ट किया। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने के बाद आग बुझाने के प्रयास किए गए।
समय रहते यात्रियों को दूसरी नाव में पहुंचा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
नगर परिषद ने इंजन जब्त कराया
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर परिषद के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की। नगर परिषद की सीएमओ मोनिका पारधी ने नाव के इंजन को जब्त कर उसकी जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
नगर परिषद के आरआई जितेंद्र गोहे को भी मामले की जांच की जिम्मेदारी दी गई है। जांच में इंजन में आग लगने के कारणों और नाव की स्थिति से जुड़ी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
ओंकारेश्वर में पेट्रोल इंजन वाली नावें चलती हैं
ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में नाव संचालन के लिए पेट्रोल इंजन वाली नावों का इस्तेमाल किया जाता है। इससे पहले प्रशासन की ओर से डीजल इंजन वाली नावों के संचालन पर रोक और पेट्रोल इंजन वाली नावों को अनुमति दिए जाने की जानकारी सामने आ चुकी है।
हादसे में सभी यात्री सुरक्षित
गुरुवार की घटना में नाव के इंजन में आग लगने के बावजूद यात्रियों को समय रहते दूसरी नाव में पहुंचा दिया गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।