बाघ के हमले में किसान की मौत, गाय-बछड़ा भी मृत

बालाघाट। जिले के पांडरवानी में जंगल में मवेशी चराने गए किसान की मौत से सनसनी फैल गई। मौके पर किसान के साथ गाय और बछड़ा भी मृत मिले हैं। घटनास्थल पर वन्यप्राणी के पंजों के निशान और संघर्ष के चिन्ह मिले हैं। हासिल जानकारी के मुताबिक जंगल में मवेशी चराने गए करीब 50 वर्षीय किसान देवकराम वाघमारे की बाघ के हमले में मौत हो गई। घटनास्थल के पास उनकी गाय और बछड़ा भी मृत मिले। वन विभाग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

रविवार को मवेशी चराने जंगल गए थे किसान

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत मिरगपुर के पांडरवानी स्थित सतीटोला निवासी करीब 50 वर्षीय किसान देवकराम पिता श्यामलाल वाघमारे रविवार 9 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे एक गाय और बछड़े को चराने गांव से लगे जंगल की ओर गए थे।

शाम तक देवकराम घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की गई। देर रात तक आसपास के जंगल में खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

सुबह गाय-बछड़े के साथ मिला किसान का शव

10 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे परिजन और ग्रामीण दोबारा जंगल पहुंचे। श्मशान घाट से लगे घने जंगल में उन्हें एक गाय और उसका बछड़ा मृत अवस्था में मिला। इसके कुछ दूरी पर देवकराम का शव भी पड़ा मिला। घटनास्थल की स्थिति को देखकर वन्यप्राणी के हमले की आशंका जताई गई।

मौके पर वन्यप्राणी के पंजों के निशान और संघर्ष के चिन्ह भी मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर बाघ के हमले की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि वन विभाग की जांच के बाद ही होगी।

वन विभाग और पुलिस की टीम ने किया निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही मिरगपुर सरपंच दीपक देशमुख मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग और तिरोड़ी थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

कटंगी एसडीओ यशपाल मेहरा और खैरलांजी वन परिक्षेत्र अधिकारी डीसी वासनिक सहित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और वन्यप्राणी के पंजों के निशानों की भी जांच की।

परिवार को तत्काल 50 हजार की सहायता

घटना के बाद वन विभाग की ओर से मृतक किसान के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई। सरपंच के अनुसार वन विभाग ने 24 घंटे के भीतर 8 लाख रुपए की मुआवजा राशि देने की जानकारी दी है। वहीं शासन की प्रक्रिया के तहत करीब 17 लाख रुपए की अतिरिक्त सहायता राशि एक माह के भीतर दिए जाने की जानकारी भी दी गई है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

तिरोड़ी पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद देवकराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए कटंगी स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। वन विभाग की टीम घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों और वन्यजीव के निशानों की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल में अकेले नहीं जाने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बाघ के हमले की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *