छतरपुर। जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भीमकुंड से जटाशंकर धाम जल चढ़ाने जा रहे दो कांवड़ियों की तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक दोनों कांवड़िए उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के उमरई गांव के रहने वाले थे। दोनों मोटरसाइकिल से प्रसिद्ध तीर्थ स्थल भीमकुंड पहुंचे थे।
यहां से कांवड़ में जल भरने के बाद दोनों जटाशंकर धाम में जलाभिषेक करने के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान सागर से छतरपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर यह हादसा हो गया।
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर
बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल क्रमांक UP 95 V 5387 पर सवार दोनों कांवड़ियों को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक MP 17 HH 5077 ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एक ने मौके पर तो दूसरे ने एंबुलेंस में तोड़ा दम
हादसे में 15 वर्षीय कौशलेश पाठक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं 35 वर्षीय रोहित सुल्लेरे गंभीर रूप से घायल हो गए। रोहित को उपचार के लिए सिविल हॉस्पिटल बड़ामलहरा ले जाया जा रहा था। हालांकि, रास्ते में एंबुलेंस के अंदर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
दोनों शव मर्चुरी में रखवाए गए
हादसे के बाद दोनों मृतकों के शवों को सिविल हॉस्पिटल बड़ामलहरा की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान कौशलेश पाठक (15) और रोहित सुल्लेरे (35) के रूप में हुई है। दोनों उमरई, जिला महोबा, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं।
जटाशंकर धाम में जल चढ़ाने जा रहे थे
दोनों कांवड़िए भीमकुंड से जल लेकर जटाशंकर धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक करने जा रहे थे। धार्मिक यात्रा के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे ने कांवड़ियों और स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है। पुलिस द्वारा हादसे की परिस्थितियों और ट्रक चालक के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।