पन्ना के किसान को मिला 4.70 कैरेट का जैम क्वालिटी हीरा, कीमत 20 लाख से ज्यादा

पन्ना। डिजिटल डेस्क

पन्ना जिले के एक किसान की उथली हीरा खदान में 4.70 कैरेट वजनी जैम क्वालिटी का सफेद हीरा मिला है। ग्राम बिलखुरा निवासी किसान बद्री पटेल को मिले इस हीरे की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। किसान ने हीरे को अपने साझेदारों के साथ शुक्रवार को हीरा कार्यालय पहुंचकर जमा करा दिया है।

दो महीने से चला रहे थे हीरा खदान

बिलखुरा निवासी बद्री पटेल उम्र 50 वर्ष, पिता नत्थू पटेल ने कल्याणपुर पट्टी क्षेत्र में उथली हीरा खदान संचालन के लिए हीरा कार्यालय से पट्टा लिया था। इसके बाद उन्होंने गांव के ही रतन सिंह यादव, राम गोपाल पटेल, रामचंद्र दुबे, पहलवान पटेल और भीखम प्रसाद पटेल को खदान में साझेदार बनाया।

किसान के अनुसार करीब दो महीने से खदान का संचालन किया जा रहा था। इसी दौरान करीब 7-8 दिन पहले खदान में खुदाई के दौरान उन्हें यह बेशकीमती हीरा मिला।

जैम क्वालिटी के सफेद हीरे में नहीं हैं छींटे

हीरा कार्यालय में जमा किए गए हीरे का वजन 4.70 कैरेट पाया गया है। हीरा पारखी अनुपम सिंह ने इसकी गुणवत्ता की जांच और वजन का मापन करने के बाद हीरे को विभाग में जमा कर लिया।

बताया गया कि यह सफेद रंग का जैम क्वालिटी का हीरा है और इसमें किसी तरह के छींटे दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसी वजह से इसकी गुणवत्ता अच्छी मानी जा रही है।

नीलामी में खुलेगी हीरे की बोली

हीरा विभाग के अनुसार जमा किए गए हीरे को आगामी नीलामी में खुली बोली के लिए रखा जाएगा। नीलामी में जिस कीमत पर सबसे अधिक बोली लगेगी, उसी के आधार पर हीरे की बिक्री होगी।

नीलामी से प्राप्त राशि में से नियमानुसार शासन की रॉयल्टी काटने के बाद शेष राशि किसान को भुगतान की जाएगी। अंतिम कीमत नीलामी में लगने वाली बोली के बाद ही तय होगी।

साझेदारों के साथ कार्यालय पहुंचकर जमा कराया हीरा

किसान बद्री पटेल अपने साझेदारों के साथ शुक्रवार को हीरा कार्यालय पहुंचे और वहां हीरा जमा कराया। पन्ना की धरती पर उथली खदानों से समय-समय पर मिलने वाले हीरों के बीच इस 4.70 कैरेट के जैम क्वालिटी हीरे ने एक बार फिर स्थानीय हीरा खदानों को चर्चा में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *