मोहनिया टनल में बाइक का खतरनाक स्टंट, सीट पर खड़ा हुआ युवक

रीवा। डिजिटल डेस्क

रीवा-सीधी मार्ग की मोहनिया टनल में बाइक से जानलेवा स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक तेज रफ्तार बाइक चलाते समय सीट पर खड़ा दिखाई दे रहा है। युवक बाइक चलाते हुए हाथ हवा में लहराता नजर आ रहा है।

चलती बाइक की सीट पर खड़ा हुआ युवक

वायरल वीडियो में युवक टनल के भीतर बाइक दौड़ाते समय अचानक सीट पर खड़ा हो जाता है। इसके बाद वह संतुलन बनाए रखते हुए कुछ दूरी तक बाइक चलाता और हाथ हवा में लहराता दिखाई देता है।

खास बात यह है कि जिस समय स्टंट किया जा रहा था, उसी दौरान टनल के अंदर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे। ऐसे में बाइक का संतुलन बिगड़ने पर युवक के साथ-साथ दूसरे वाहन सवार भी हादसे की चपेट में आ सकते थे।

सोशल मीडिया पर वीडियो डालने के बाद पुलिस सक्रिय

स्टंट का वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किए जाने के बाद पुलिस के संज्ञान में आया है। पुलिस अब वीडियो से जुड़े इंस्टाग्राम अकाउंट की जानकारी जुटाकर युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस के अनुसार युवक की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वीडियो कब और किस समय बनाया गया, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पहले भी सामने आ चुके हैं स्टंट के वीडियो

मोहनिया टनल में बाइक स्टंट का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी टनल के अंदर बाइक से खतरनाक स्टंट के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते रहे हैं।

इन मामलों में पुलिस की ओर से कार्रवाई भी की गई है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर वीडियो और लाइक्स के लिए युवा सार्वजनिक सड़कों और टनल में खतरनाक तरीके अपनाते नजर आ रहे हैं।

जरा सी चूक बन सकती थी बड़े हादसे की वजह

टनल के अंदर सीमित जगह और लगातार गुजरते वाहनों के बीच इस तरह बाइक चलाना बेहद जोखिम भरा है। स्टंट के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ने या सामने से आने वाले वाहन से टक्कर होने पर गंभीर हादसा हो सकता था।

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट के आधार पर युवक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *