पेंच टाइगर रिजर्व खुलने से पहले ही सफारी हाउसफुल

सिवनी। डिजिटल डेस्‍क

पेंच टाइगर रिजर्व का कोर एरिया भले ही एक अक्टूबर से पर्यटकों के लिए खुलेगा, लेकिन जंगल सफारी को लेकर उत्साह अभी से दिखाई देने लगा है। गेट खुलने में नौ दिन बाकी हैं और एक से तीन अक्टूबर तक कोर एरिया की एडवांस बुकिंग पूरी तरह फुल हो चुकी है।

ऐसे में बिना एडवांस बुकिंग के अचानक पहुंचने वाले पर्यटकों को सफारी के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। पेंच टाइगर रिजर्व में नया पर्यटन सीजन करीब 92 दिन के अंतराल के बाद एक अक्टूबर से शुरू होगा। शुरुआती दिनों की फुल बुकिंग से पर्यटकों के उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है।

टिकट दर में नहीं हुई बढ़ोतरी

जानकारी के अनुसार इस पर्यटन सीजन में शासन ने सफारी शुल्क में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। भारतीय पर्यटकों के लिए एक वाहन का प्रवेश शुल्क 2640 रुपए निर्धारित है। इसके अलावा गाइड के लिए जी-1 का शुल्क एक हजार और जी-2 का 800 रुपए लिया जाएगा।

विदेशी पर्यटकों के लिए सफारी शुल्क भारतीय पर्यटकों की तुलना में दो गुना होगा। जमतरा, कर्माझिरी और टुरिया गेट से सुबह की सफारी में 50 और दोपहर की सफारी में 49 वाहनों को प्रवेश दिया जाता है। बुधवार को दोपहर की शिफ्ट नहीं होती है।

250 वाहनों का होता है पंजीयन

नए पर्यटन सीजन की शुरुआत से पहले पार्क में सफारी वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया चल रही है। हर साल सफारी में शामिल होने वाले वाहनों की फिटनेस कराई जाती है। इस बार सभी सफारी वाहन पेट्रोल से संचालित होंगे।

पार्क में करीब 250 वाहनों का पंजीयन होता है। पेंच टाइगर रिजर्व का कोर एरिया 411.330 वर्ग किलोमीटर और बफर एरिया 768.300 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है।

110 गाइडों को दी जा चुकी ट्रेनिंग

सफारी के दौरान पर्यटकों को बेहतर जानकारी देने के लिए गाइडों को भी तैयार किया जा रहा है। खवासा में गाइडों को अंग्रेजी भाषा की ट्रेनिंग दी जा रही है। इससे पहले 110 गाइडों को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

प्रशिक्षण में गाइडों को वन्यजीव, पक्षियों और वनस्पतियों के अंग्रेजी नामों की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा पेंच टाइगर रिजर्व से जुड़ी जानकारी और पर्यटकों के साथ व्यवहार के तरीके भी बताए जा रहे हैं।

सफारी मार्गों की सफाई और सुधार

कोर एरिया में सफारी के कच्चे रास्तों को सुधारने का काम भी चल रहा है। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कराई जा रही है। बारिश के कारण कई स्थानों पर मिट्टी का कटाव हुआ है, जिसे ठीक किया जा रहा है।

हालांकि इस बार पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण सफारी मार्गों पर जलभराव की समस्या नहीं बनी है। पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले रास्तों को व्यवस्थित करने का काम पूरा करने की तैयारी है।

पर्यटन सीजन को लेकर तैयारियां जारी

पेंच टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर पुनीत गोयल ने बताया कि नए पर्यटन सीजन को लेकर तैयारियां जारी हैं। पर्यटन को लेकर बैठक हो चुकी है। वर्तमान में सफारी वाहनों की फिटनेस के साथ रास्तों की सफाई और सुधार का काम कराया जा रहा है।

गाइडों को प्रशिक्षण के दौरान पार्क के नियमों और पर्यटकों के साथ व्यवहार से जुड़ी जानकारी दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *