छतरपुर। डिजिटल डेस्क|
झांसी से छतरपुर आ रही बस में अलीपुरा के पास गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। मदद के लिए 108 एंबुलेंस से संपर्क किया गया, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिलने पर बस ड्राइवर और कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सीधे जिला अस्पताल पहुंचाया।
अलीपुरा के पास शुरू हुई प्रसव पीड़ा
जानकारी के अनुसार पन्ना जिले के ग्राम करकरिया निवासी 29 वर्षीय रेखा पति देशराज चौधरी ग्वालियर से मजदूरी कर गांव लौट रही थीं। झांसी से छतरपुर आते समय अलीपुरा के पास उन्हें तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
एंबुलेंस के लिए 108 पर संपर्क किया गया, लेकिन मदद नहीं मिल सकी। इसके बाद बस ड्राइवर अशोक मिश्रा और कंडक्टर मनोज कुमार तिवारी ने यात्रियों को उनके गंतव्य पर उतारते हुए बस को जिला अस्पताल की ओर रवाना किया।
बस में ही हुआ प्रसव
अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला का बस में प्रसव हो गया। यात्रियों और बस स्टाफ की सूचना पर जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड की नर्सें तत्काल बस तक पहुंचीं और मां व नवजात की स्थिति संभाली।
इसके बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। नवजात को गंभीर हालत के चलते SNCU वार्ड में रखा गया है, जबकि महिला की हालत स्थिर बताई गई है।
बस स्टाफ की सूझबूझ की सराहना
घटना के दौरान बस स्टाफ और यात्रियों की तत्परता से महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका। इस मानवीय पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।