कटनी। डिजिटल डेस्क
विजयराघवगढ़ के शारदा माता मंदिर में 24-25 जुलाई की दरम्यानी रात हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में एक दंपती को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी पहले से जेल में है और एक विधिविरुद्ध बालक फरार है।
छह-सात ताले तोड़कर मंदिर में घुसे थे चोर
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मंदिर के छह-सात ताले तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश किया था। यहां से चांदी का मुकुट, छत्र, सोने का लॉकेट, भगवान नरसिंह का मुकुट और छत्र सहित दानपेटी की नकदी चोरी की गई थी।
चोर सीसीटीवी की डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कार रोककर पुलिस ने दंपती को पकड़ा
जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। बुधवार सुबह मुखबिर से सफेद कार के मैहर की ओर जाने की सूचना मिली।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोका। इसमें राजा उर्फ मोहन साहू और उसकी पत्नी राजनंदनी साहू सवार थे। पूछताछ में पुलिस के अनुसार दोनों ने मंदिर समेत अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है।
एक आरोपी जेल में, नाबालिग की तलाश
पुलिस के अनुसार वारदात में दंपती के साथ उनका विधिविरुद्ध बालक और आदी बर्मन भी शामिल था। आदी बर्मन फिलहाल चोरी के एक मामले में सिवनी जेल में बंद है। पुलिस उसे सिवनी से लाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।
वहीं, विधिविरुद्ध बालक फरार है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी सामने आ सकती है।