बालाघाट। डिजिटल डेस्क
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 1 अक्टूबर को बालाघाट जिले के जगला गांव पहुंचने के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बैहर एसडीएम अनिकेत शांडिल्य ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है।
5 किलोमीटर क्षेत्र में ड्रोन और फ्लाइंग ऑब्जेक्ट प्रतिबंधित
आदेश के मुताबिक जगला में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के आसपास 5 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और अन्य फ्लाइंग ऑब्जेक्ट या यूएवी के संचालन पर रोक रहेगी।
इसके अलावा आतिशबाजी, पटाखे, रॉकेट और अन्य विस्फोटक गतिविधियों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। आदेश 1 अक्टूबर को पूरे दिन प्रभावी रहेगा।
अधिकृत ड्रोन संचालन को अनुमति
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और अधिकृत शासकीय कार्यों के लिए आवश्यक ड्रोन संचालन को निर्धारित अनुमति और नियमों के तहत छूट दी है।
आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता-2023 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
जगला में प्रभावित परिवारों से मिलेंगे राहुल
राहुल गांधी के 1 अक्टूबर के बालाघाट दौरे में बैहर क्षेत्र के जगला गांव में प्रभावित आदिवासी परिवारों से मुलाकात का कार्यक्रम बताया गया है। उपलब्ध कार्यक्रम संबंधी जानकारी के अनुसार उनका दौरा बच्चों की मौत से प्रभावित परिवारों से संवाद पर केंद्रित रहेगा। Raj Express
प्रशासन ने प्रस्तावित दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी है।