रामनगर। डिजिटल डेस्क
रामनगर में नगर परिषद के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बाहर लगा CCTV कैमरा दो बाइक सवारों ने चोरी कर लिया। हालांकि, कैमरा चोरी करने की पूरी करतूत सड़क के दूसरी तरफ लगे दूसरे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है।
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दुकानों के बाहर सुरक्षा के लिए कई CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इनमें से एक कैमरा सड़क की ओर पोल पर लगा था। रविवार रात दो बदमाशों ने इसी कैमरे को निशाना बनाया और उसे खोलकर अपने साथ ले गए।
सुबह दुकान पहुंचने पर पता चला कैमरा गायब
सोमवार सुबह व्यापारी ज्ञान प्रकाश तिवारी दुकान पहुंचे तो पोल पर लगा CCTV कैमरा गायब मिला। इसके बाद उन्होंने आसपास लगे दूसरे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू किया।
सड़क के दूसरी तरफ दुकान में लगे कैमरे की रिकॉर्डिंग देखने पर चोरी की पूरी घटना सामने आ गई।
एक बदमाश सीढ़ियों पर बैठा, दूसरा बाइक से पहुंचा
CCTV फुटेज के मुताबिक रात करीब 10.48 बजे एक युवक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की सीढ़ियों पर बैठा दिखाई दिया। कुछ देर बाद उसका साथी बाइक से वहां पहुंचा।
दोनों ने एक-दूसरे का सहारा लिया और पोल पर लगे CCTV कैमरे को खोल दिया। कैमरा निकालने के बाद दोनों बाइक से मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद व्यापारी ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर कैमरा चोरी करने वाले दोनों आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। घटना स्थल के साथ ही आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों आरोपी किस दिशा से आए थे और चोरी के बाद किस रास्ते से फरार हुए।