पेट्रोल पंप पर खड़े टैंकर से 200 लीटर डीजल चोरी, चोर CCTV में कैद

सतना। मैहर जिले के रामनगर कस्बे में पेट्रोल पंप परिसर में खड़े टैंकर से बदमाशों ने करीब 200 लीटर डीजल पार कर दिया। चोरी की पूरी करतूत CCTV कैमरे में कैद हो गई है। घटना रामनगर नगर परिषद क्षेत्र स्थित आद्या फ्यूल्स पेट्रोल पंप की है। पेट्रोल पंप संचालक मनोज सिंह बबलू के मुताबिक बुधवार रात निर्धारित समय के बाद फ्यूल स्टेशन बंद कर दिया गया था।

बताया गया कि रात करीब 2 बजे से पौने 3 बजे के बीच अज्ञात बदमाश पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचे। पहले उन्होंने आसपास का जायजा लिया और इसके बाद एक-एक कर पाइप और गैलन लेकर पेट्रोलियम टैंकर के पास पहुंच गए।

पाइप और गैलन से निकाला डीजल

बदमाशों ने टैंकर के डीजल टैंक को निशाना बनाया। आरोप है कि उन्होंने पाइप की मदद से टैंक से करीब 200 लीटर डीजल गैलनों में निकाला और मौके से फरार हो गए।

घटना के दौरान टैंकर का ड्राइवर केबिन में सो रहा था। बदमाशों ने इस तरह वारदात को अंजाम दिया कि उसे इसकी भनक तक नहीं लगी।

सुबह ड्राइवर को मिली चोरी की जानकारी

गुरुवार सुबह टैंकर के ड्राइवर को डीजल चोरी होने की जानकारी हुई। उसने तत्काल पेट्रोल पंप संचालक मनोज सिंह को घटना के बारे में बताया।

संचालक मौके पर पहुंचे और परिसर में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में 2 से 3 संदिग्ध बदमाश दिखाई दिए, जो गैलन और पाइप लेकर टैंकर की तरफ जाते नजर आए।

रामनगर थाने में दर्ज कराई शिकायत

CCTV फुटेज सामने आने के बाद पेट्रोल पंप संचालक ने रामनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पहले भी हो चुकी हैं डीजल चोरी की घटनाएं

पीड़ित पेट्रोल पंप संचालक के मुताबिक रामनगर कस्बे में बड़े वाहनों से डीजल चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। उनका कहना है कि इन घटनाओं की जानकारी पुलिस को दी गई थी, लेकिन बदमाशों के पकड़े नहीं जाने से चोरी की वारदातें जारी हैं। ताजा घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालकों और बड़े वाहन चालकों में भी चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *