तहसीलदार के घर चोरी, 65 मिनट में नकदी-कीमती सामान पार

सतना। पॉश पेप्टेक सिटी कॉलोनी में चोरों ने रामपुर बाघेलान तहसीलदार के घर को निशाना बनाया। पत्नी को रेलवे स्टेशन छोड़ने गए तहसीलदार महज 65 मिनट बाद लौटे तो घर का ताला टूटा मिला। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पेप्टेक सिटी की है। यहां मकान नंबर 344 में रामपुर बाघेलान तहसीलदार रमेश प्रसाद अपनी पत्नी के साथ रहते हैं।

पुलिस के मुताबिक बुधवार तड़के करीब 3 बजकर 35 मिनट पर रमेश प्रसाद घर में ताला लगाकर पत्नी को रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। करीब 1 घंटे 5 मिनट बाद, यानी लगभग 4 बजकर 40 मिनट पर जब वे वापस लौटे तो घर के मुख्य गेट की कुंडी टूटी मिली। इतने कम समय में चोरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दे दिया।

मेन गेट की कुंडी काटकर घर में घुसे

अज्ञात बदमाशों ने मुख्य गेट की कुंडी काटकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने कमरों की तलाशी ली और आलमारी का लॉक खोलकर उसमें रखा सामान समेट लिया। पुलिस के अनुसार चोर करीब 70 हजार रुपए नकद, चांदी के सिक्के और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

घर लौटने पर चोरी का पता चलते ही तहसीलदार रमेश प्रसाद सकते में आ गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

पॉश कॉलोनी में चोरी से मचा हड़कंप

पेप्टेक सिटी जैसी पॉश कॉलोनी में तहसीलदार के घर चोरी की खबर फैलते ही आसपास के रहवासियों में भी घबराहट फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश पहले से इलाके में घूमकर बंद मकानों की रेकी कर रहे थे। जैसे ही तहसीलदार का घर खाली मिला, उन्होंने मौका देखकर वारदात कर दी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की पहचान के लिए पेप्टेक सिटी और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

इसके साथ ही पुलिस मुखबिरों से भी संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज और स्थानीय स्तर पर जुटाई जा रही जानकारी से चोरों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *