रीवा। डिजिटल डेस्क
रीवा में चंदन चोरी के मामले में अमहिया थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57 किलो चंदन की लकड़ी बरामद की है। जब्त लकड़ी की कीमत करीब 5 लाख 70 हजार रुपए बताई गई है।
सिविल लाइन कॉलोनी से काटे थे चंदन के पेड़
मामला अमहिया थाना क्षेत्र की सिविल लाइन कॉलोनी का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने यहां चंदन के पेड़ काटकर लकड़ी चोरी की थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल आरी, चाकू और कुल्हाड़ी भी बरामद की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जशरथ पारदी (35), तलकर आदिवासी (35), स्वागत आदिवासी (20) और मंगरू पावर (22) के रूप में हुई है। जशरथ, तलकर और स्वागत मंडला जिले के देवरी के रहने वाले हैं, जबकि मंगरू पावर दमोह जिले के सागौनी का निवासी है।
दिन में करते थे रेकी, रात में चोरी
पुलिस के अनुसार, आरोपी शहरी क्षेत्र में झुग्गियां बनाकर रह रहे थे। दिन के समय वे अलग-अलग इलाकों में घूमकर चंदन के पेड़ों की जानकारी जुटाते थे।
रेकी के दौरान पेड़ की पहचान करने के बाद आरोपी रात में मौका देखकर चंदन का पेड़ काटते और उसकी लकड़ी चोरी कर लेते थे।
चोरी की लकड़ी गड्ढे में छिपाते थे
चंदन की लकड़ी काटने के बाद आरोपी उसे तत्काल अपने साथ नहीं ले जाते थे। वे लकड़ी को गड्ढे में छिपाकर रखते थे।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों ने चंदन चोरी की और कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है। साथ ही चोरी की लकड़ी को आगे कहां और किसे बेचा या भेजा जाता था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
गिरोह को पकड़ने की कार्रवाई में अमहिया थाना प्रभारी मनोज गौतम, चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला, साइबर एक्सपर्ट गौरव मिश्रा, नौबस्ता पुलिस चौकी प्रभारी घनश्याम मिश्रा सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक कृष्णकांत नामदेव, रामदेव मिश्रा तथा आरक्षक आशीष पांडेय, विकास तिवारी, शंकरदत्त जायसवाल, देशराज सिंह, अनूप त्रिपाठी, अरुणेन्द्र सिंह, अनंत और योगेश सिंह शामिल रहे।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चंदन चोरी से जुड़े अन्य मामलों और लकड़ी के संभावित खरीदारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।