डभौरा के पास पटरी किनारे खड़े बदमाश ने किया हमला
सतना। वाराणसी से मैहर देवी दर्शन के लिए आ रहे एक युवक के साथ चलती ट्रेन में लूट की वारदात सामने आई है। डभौरा रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात बदमाश ने लोहे की रॉड से हमला कर यात्री का मोबाइल छीन लिया। जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय पवन निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश, अपने दोस्त राहुल पाल के साथ काशी एक्सप्रेस में सवार थे। दोनों मैहर में देवी दर्शन के लिए आ रहे थे। शनिवार शाम ट्रेन डभौरा रेलवे स्टेशन से आगे निकली। इसी दौरान पवन बोगी के गेट पर खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहे थे।
हाथ पर रॉड से हमला कर नीचे गिराया मोबाइल
बताया गया कि पटरी के किनारे मौजूद अज्ञात बदमाश ने अचानक लोहे की रॉड से पवन के हाथ पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वह हड़बड़ा गए और उनके हाथ से मोबाइल नीचे गिर गया।
हमले में पवन के हाथ में गंभीर चोट आई। इसी दौरान आरोपी ने नीचे गिरा मोबाइल उठाया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पवन ने मैहर पहुंचकर जीआरपी चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद जीआरपी ने घायल यात्री को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
जीआरपी ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वारदात चलती ट्रेन में हुई, इसलिए पुलिस आसपास के क्षेत्र और घटना से जुड़े संभावित सुरागों की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। जीआरपी की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।