सतना। डिजिटल डेस्क
सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड पर सवारियां बैठाने को लेकर हुए विवाद में एक बस मालिक द्वारा दूसरी बस कंपनी के मैनेजर पर पिस्टल से फायर करने का मामला सामने आया है। घटना में मैनेजर संजय शर्मा बाल-बाल बच गए। उनकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिवम त्रिपाठी के खिलाफ हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। विवाद सतना-नागपुर रूट पर बस संचालन और सवारियां बैठाने को लेकर बताया गया है।
सवारियों को लेकर दोनों बस कंपनियों में विवाद
पुलिस के मुताबिक, संजय शर्मा (41), निवासी हनुमान नगर, नई बस्ती, निजी बस संचालन के साथ चतुर्वेदी बस सर्विस में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। कंपनी की एक बस सतना से नागपुर रूट पर चलती है।
इसी मार्ग पर प्रेम विहार कॉलोनी निवासी शिवम त्रिपाठी की बस भी संचालित होती है। दोनों बसों के स्टाफ के बीच 9 अक्टूबर की रात रूट और सवारियों को लेकर बहस हुई थी। इसी विवाद के बाद मामला बढ़ने का आरोप है।
बस स्टैंड पर कर्मचारी से गाली-गलौज
जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात करीब 11:15 बजे शिवम त्रिपाठी सतना बस स्टैंड पहुंचा। वहां दूसरी कंपनी के कर्मचारी विशाल द्विवेदी सीधी जाने वाली बस में सवारियां बैठा रहे थे।
आरोप है कि शिवम ने विशाल के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख कंपनी के मैनेजर संजय शर्मा ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया।
पिस्टल से फायर, नीचे झुकने से बची जान
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, बीच-बचाव के दौरान आरोपी ने संजय शर्मा पर पिस्टल से गोली चला दी। संजय समय रहते नीचे झुक गए, जिससे गोली लगने से बच गए।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
कोलगवां थाना पुलिस ने शिवम त्रिपाठी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस विवाद की परिस्थितियों और फायरिंग से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।