सतना। डिजिटल डेस्क
चित्रकूट में मंदाकिनी गंगा पर बनने वाले अस्थाई पीपा पुल की लोकेशन बदल दी गई है। पहले इसका निर्माण भरत घाट के पास प्रस्तावित था, लेकिन नदी की अधिक गहराई और एप्रोच रोड के लिए उपयुक्त जगह नहीं मिलने के कारण अब इसे प्रमोदवन के पास बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने दीपावली मेले से पहले पुल तैयार करने का लक्ष्य रखा है।
भरत घाट की जगह प्रमोदवन का चयन
अगस्त में आई बाढ़ के दौरान एमपीटी तिराहा से हनुमानधारा रोड पर बना पुल बह गया था। इसके बाद आवागमन की सुविधा बहाल करने के लिए अस्थाई पीपा पुल बनाने की योजना तैयार की गई। शुरुआती तौर पर भरत घाट के पास जगह चिह्नित की गई थी, लेकिन तकनीकी और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण लोकेशन बदलनी पड़ी।
1.69 करोड़ रुपये में दिया गया ठेका
पीडब्ल्यूडी ने पीपा पुल निर्माण का 1.69 करोड़ रुपये का काम रीवा के ठेकेदार ब्रजेश कुमार मिश्रा को सौंपा है। पुल निर्माण के लिए नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा से पीपा ट्रकों के जरिए चित्रकूट लाए जा रहे हैं। सोमवार को करीब 20 पीपा पहुंचने की जानकारी दी गई है।मंदाकिनी गंगा में अस्थाई पुल बनाने के लिए लगभग 30 पीपा की जरूरत होगी। इसके लिए शुरुआती तौर पर करीब दो करोड़ रुपये का अनुमान तैयार किया गया था।
दीपावली मेले से पहले तैयार करने का लक्ष्य
पीडब्ल्यूडी के एसडीओ अभिषेक अहिरवार के मुताबिक, पीपा पुल का निर्माण 20 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य है। इसे दीपावली मेले से पहले तैयार किया जाएगा। ठेकेदार को टेंडर की शर्तों के अनुसार काम पूरा करने के लिए एक महीने का समय दिया गया है, लेकिन विभाग इसे तय अवधि से पहले पूरा कराने की तैयारी में है।