घर-नौकरी का लालच देकर धर्मांतरण का दबाव, महिला समेत 3 पर केस

सतना। डिजिटल डेस्क

बीमारी, बेरोजगारी और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहे युवक को स्वास्थ्य में सुधार, नौकरी और घर दिलाने का भरोसा देकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। कोलगवां पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस के मुताबिक बजरंग कॉलोनी-टिकुरिया टोला निवासी 25 वर्षीय जगविजय उर्फ जग्गी वर्मा कुछ समय से बीमारी, बेरोजगारी और पारिवारिक समस्याओं से परेशान था। करीब 15 दिन पहले वह किसी काम से अपने परिचित कंचन महतो निवासी बजरहा टोला, कोतवाली से मिलने गया था।

बताया गया कि बातचीत के दौरान कंचन ने जगविजय से कहा कि उसकी समस्याओं का समाधान रेनू समुर्दे से मिलने के बाद हो सकता है। इसके बाद वह उसे टिकुरिया टोला स्थित रेनू समुर्दे के घर ले गया।

ईसाई धर्म अपनाने पर समस्याएं दूर होने का दावा

आरोप है कि रेनू ने युवक को ईसाई धर्म अपनाने और नियमित प्रार्थना में शामिल होने की सलाह दी। युवक को नौकरी और घर मिलने की उम्मीद भी दिखाई गई।

पुलिस के अनुसार युवक कुछ समय तक बताए गए तरीके का पालन करता रहा, लेकिन उसे कोई लाभ नहीं मिला। इसके बाद रविवार को वह दोबारा महिला से मिलने पहुंचा।

धर्म परिवर्तन नहीं करने पर सफलता नहीं मिलने की बात कही

आरोप है कि इस दौरान रेनू के साथ कंचन महतो और ईशू समुर्दे ने युवक से कहा कि जब तक वह ईसाई धर्म नहीं अपनाएगा, तब तक उसकी समस्याएं दूर नहीं होंगी।

आरोपियों ने युवक को स्वास्थ्य ठीक होने, नौकरी मिलने और अपना घर होने के लिए उनकी बात मानने की बात कही। युवक को यह प्रस्ताव गलत लगा और उसने इसकी जानकारी विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के पदाधिकारियों को दी।

शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया

इसके बाद युवक कोलगवां थाने पहुंचा और पुलिस को अपनी शिकायत दी। पुलिस ने बयान और प्रारंभिक जांच के बाद रेनू समुर्दे, कंचन महतो और ईशू समुर्दे के खिलाफ मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 की धारा 3 और 5 के तहत अपराध दर्ज किया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *