बच्चा चोरी के शक में जिला अस्पताल में हंगामा, युवक की पिटाई

सतना। डिजिटल डेस्क

सतना जिला अस्पताल में सोमवार रात बच्चा चोरी की अफवाह को लेकर हंगामा हो गया। बच्चों के वार्ड में एक अनजान युवक को घूमते और बच्चों को छूते देख एक महिला ने शोर मचा दिया। इसके बाद लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निवासी के रूप में हुई है।

बच्चों के पास युवक को देख महिला ने मचाया शोर

पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब 10 बजे की है। लीलावती नाम की महिला ने वार्ड में एक युवक को काफी देर से घूमते देखा था।

युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर महिला ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर अस्पताल में मौजूद लोग वहां पहुंचे और युवक को पकड़ लिया।

इसके बाद भीड़ ने युवक की पिटाई कर दी और उसे अस्पताल चौकी पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

मामले की जानकारी मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। इसके बाद टीआई हेमंत शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में लिया।

पुलिस ने युवक के मोबाइल में सेव नंबरों के जरिए उसके परिजनों से संपर्क किया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार परिवार के कुछ सदस्य दिल्ली में रहकर काम करते हैं।

बताया गया कि युवक नौकरी की तलाश में हैदराबाद जाने के लिए निकला था।

जिला अस्पताल में कैसे पहुंचा युवक, जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक सतना जिला अस्पताल कैसे पहुंचा और रात के समय बच्चों के वार्ड में उसकी मौजूदगी का कारण क्या था।

फिलहाल पूछताछ में बच्चा चोरी की बात की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और युवक से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *