आंगनवाड़ी से लौट रही 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, 70 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

छतरपुर। डिजिटल डेस्क
खजुराहो थाना क्षेत्र में आंगनवाड़ी से घर लौट रही 4 साल 9 महीने की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में 70 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक घटना 24 सितंबर की है। आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को टॉफी देने के बहाने अपने पास बुलाया और उसके साथ गलत हरकत की। घर पहुंचने के बाद बच्ची की हालत देखकर परिजनों को घटना की जानकारी हुई।

बच्ची ने परिजनों को बताई घटना

पुलिस के अनुसार बच्ची के रोते हुए घर पहुंचने के बाद उसकी मां ने उससे पूछताछ की। बच्ची ने आरोपी के बारे में बताया। अगले दिन बच्ची ने आरोपी को पहचान लिया।

इसके बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। बच्ची को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर चिकित्सकीय जांच भी कराई गई।

12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

खजुराहो थाना प्रभारी नंदकिशोर सोलंकी के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज होने के करीब 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *