सतना। डिजिटल डेस्क
सतना जिला अस्पताल में चोरी का एक और मामला सामने आया है। कोविड वार्ड के सामने स्थित ड्यूटी रूम का कुंदा तोड़कर चोर चिकित्सा उपकरण और अन्य सामान ले गए। अस्पताल प्रबंधन ने सिटी कोतवाली पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
ड्यूटी रूम का कांच तोड़कर अंदर घुसे
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार चोरी की घटना 19 अगस्त की रात कोविड वार्ड के सामने स्थित ड्यूटी रूम में हुई। चोरों ने पहले कमरे का कांच तोड़ा और इसके बाद अंदर रखी आलमारी का कुंदा चटका दिया।
घटना के बाद कमरे में सामान बिखरा मिला। मौके पर खून के धब्बे भी पाए गए, जिसके आधार पर आशंका जताई गई कि कांच तोड़ते समय किसी व्यक्ति को चोट लगी होगी।
ये मेडिकल उपकरण और सामान हुआ चोरी
अस्पताल प्रबंधन की शिकायत के अनुसार चोरी गए सामान में ब्रोंकोस्कोप, मॉनिटर, ऑक्सीजन रेगुलेटर, 10 ई-क्रिएशन पंप और एक ऑक्सीजन पाइप शामिल हैं।
चोरी की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में करण नाम का एक व्यक्ति संदिग्ध रूप से अस्पताल परिसर में सामान लेकर आता-जाता दिखाई देने की बात शिकायत में कही गई है।
पूर्व सफाईकर्मी पर जताया संदेह
अस्पताल के सहायक प्रबंधक डॉ. धीरेन्द्र वर्मा की ओर से सिटी कोतवाली में दी गई शिकायत में बताया गया है कि संदिग्ध व्यक्ति पूर्व में अस्पताल में सफाईकर्मी के तौर पर काम कर चुका है।
शिकायत के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले भी चोरी की शिकायत पुलिस में की जा चुकी है। अस्पताल प्रबंधन ने यह भी बताया कि 20 अगस्त की सुबह उक्त व्यक्ति हाथ में चोट के साथ अस्पताल परिसर में घूमता और सामान ले जाता दिखाई दिया था।
अस्पताल प्रबंधन ने हाल में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी उसकी संभावित भूमिका की जांच की मांग की है।
एक साल में चोरी की पांचवीं घटना का दावा
उपलब्ध जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में इस साल चोरी की यह पांचवीं घटना बताई जा रही है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि पूर्व की घटनाओं की जानकारी भी सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई थी।
इससे पहले आईसीयू, पीआईसीयू और एसएनसीयू में भी चोरी की घटनाएं सामने आने की बात कही गई है। इन घटनाओं में अस्पताल का लाखों रुपये का सामान चोरी होने का दावा किया गया है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
अस्पताल प्रबंधन ने ताजा चोरी के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध व्यक्ति की भूमिका समेत चोरी गए उपकरणों की बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।