हैंडब्रेक फेल, बिना ड्राइवर दौड़ा खाद से भरा ट्रक; दुकान में घुसा

सतना। रेलवे मालगोदाम मोड़ पर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खाद से लोड एक ट्रक अचानक बिना ड्राइवर के ही चल पड़ा। पुलिस के मुताबिक ट्रक क्रमांक एमपी 19 एचए 5939 रेलवे मालगोदाम से खाद लोड करने के बाद ढलान पर हैंडब्रेक के सहारे खड़ा किया गया था। बताया गया कि चालक ट्रक खड़ा कर कुछ देर के लिए वहां से चला गया। इसी दौरान अचानक हैंडब्रेक फेल हो गया और ट्रक ढलान पर लुढ़कने लगा।

बाइक को टक्कर मार दुकान में घुसा ट्रक

बेकाबू ट्रक पहले मोड़ पर खड़ी एक बाइक को अपनी चपेट में लेता हुआ पास में स्थित चाय-पान की दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई।

मां-बेटी समेत तीन लोगों ने भागकर बचाई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक को तेजी से लुढ़कते देख मां-बेटी समेत तीन लोगों ने दौड़कर अपनी जान बचाई। अचानक हुए घटनाक्रम से आसपास भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इसी दौरान मौके पर मौजूद एक अन्य ट्रक चालक ने साहस दिखाते हुए चल रहे ट्रक में चढ़कर किसी तरह ब्रेक लगाया और उसे रोक दिया। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो ट्रक मुख्य सड़क पर पहुंच सकता था, जिससे बड़ा हादसा और जनहानि होने की आशंका थी।

जीआरपी ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह हैंडब्रेक फेल होना बताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन को सुरक्षित तरीके से खड़ा किया गया था या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *