सतना। नेशनल हाईवे-30 के किनारे कोयले के भंडारण को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके से भारी मात्रा में कोयला और दो पोकलेन मशीनें जब्त की हैं।
एसडीएम रामपुर बघेलान सुभाष मिश्रा को यार्ड में कोयले के कथित अवैध भंडारण की सूचना मिली थी। इसके बाद राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को जांच के लिए मौके पर भेजा गया।
कार्रवाई के दौरान यार्ड में 20 ट्रक से अधिक कोयले का स्टॉक मिला। इसके अलावा मौके पर काम कर रही दो पोकलेन मशीनें भी जब्त की गईं।
श्रमिक दस्तावेज नहीं दिखा पाए, यार्ड सीज
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने यार्ड में मौजूद श्रमिकों से कोयले के भंडारण से संबंधित दस्तावेज मांगे। श्रमिक मौके पर संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद अधिकारियों ने स्टॉक को प्रथम दृष्टया संदिग्ध मानते हुए यार्ड को सीज कर दिया। प्रशासन अब कोयले के स्टॉक और उसके भंडारण से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है।
कार्रवाई में नायब तहसीलदार मंगलेश्वर सिंह, तीन पटवारी और रामपुर बघेलान थाना पुलिस के एसआई केशव पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
आराजी नंबर 1043 और 1045 की जांच शुरू
राजस्व विभाग की टीम ने खुटहा स्थित आराजी नंबर 1043 और 1045 की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। इन जमीनों के भू-स्वामियों की जानकारी भी जांच के दायरे में है।
अधिकारियों की ओर से संबंधित भू-स्वामियों को नोटिस जारी कर पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक मामले में राहुल गुप्ता और संजय तिवारी के नाम भी सामने आए हैं। हालांकि, इन नामों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
कोयले में डस्ट और गिट्टी मिलाने की भी जांच
प्रशासन को शिकायत मिली थी कि यार्ड में कोयले में डस्ट और गिट्टी मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा रहा था। इससे अधिक मुनाफा कमाने की आशंका जताई गई है। कार्रवाई के दौरान मौके पर डस्ट और गिट्टी का स्टॉक भी मिला। अधिकारियों के पहुंचने के समय पोकलेन मशीनों से कोयले में डस्ट और गिट्टी मिलाए जाने की बात भी सामने आई है। अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि यार्ड में रखा कोयला कहां से लाया जाता था और इसे किन स्थानों पर सप्लाई किया जाता था।
एसडीएम ने कहा- जांच रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी
रामपुर बघेलान एसडीएम सुभाष मिश्रा ने बताया कि खुटहा में हाईवे किनारे कोयले के अवैध भंडारण और उसमें गिट्टी व डस्ट मिलाने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि जांच के लिए अधिकारियों को भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।