सतना। शहर की नई बस्ती स्थित विलियम अब्राहम लिंकन कॉन्वेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल के भौतिक और प्रशासनिक निरीक्षण में कई गंभीर कमियां सामने आईं। पालक-शिक्षक संघ और स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर बुधवार को अनुविभागीय अधिकारी राहुल सिलाडिया ने शिक्षा विभाग की टीम के साथ स्कूल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक ही DISE Code से तीन अलग-अलग स्थानों पर विद्यालय संचालित किए जाने की शिकायत की पुष्टि हुई। निरीक्षण के बाद तैयार जांच प्रतिवेदन में स्कूल के संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
सरकारी जमीन पर बना मिला स्कूल भवन
जांच प्रतिवेदन के अनुसार विलियम अब्राहम लिंकन कॉन्वेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल का भवन शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया गया है। स्कूल परिसर में आवासीय मकान भी मिला। इसके अलावा परिसर में मवेशी बंधे होने और ब्यूटी पार्लर का बोर्ड लगे होने की बात भी जांच में दर्ज की गई है। स्कूल में एलकेजी से कक्षा 10वीं तक कक्षाएं संचालित होने के बावजूद निरीक्षण के दौरान केवल 12 शिक्षक मिले।
शिक्षकों की योग्यता और रिकॉर्ड पर भी सवाल
जांच में अधिकांश शिक्षकों के पास बीएड की निर्धारित अर्हता नहीं होने की बात सामने आई। इसके अलावा शिक्षण डायरी, वेतन पंजी और छात्र पंजीयन रजिस्टर जैसे आवश्यक रिकॉर्ड भी व्यवस्थित रूप से संधारित नहीं मिले। निरीक्षण टीम को स्कूल में डिजिटल क्लास, कंप्यूटर लैब, खेल मैदान और पुस्तकालय जैसी आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव मिला।
CCTV से लेकर अग्नि सुरक्षा तक कई कमियां
स्कूल में CCTV कैमरे नहीं मिले। अग्नि सुरक्षा व्यवस्था भी अपर्याप्त पाई गई। जांच प्रतिवेदन में पेयजल की व्यवस्था को असुरक्षित और शौचालयों की स्थिति को खराब बताया गया है। इस तरह स्कूल की भवन व्यवस्था, शैक्षणिक संसाधन, सुरक्षा इंतजाम और दस्तावेजों के संधारण को लेकर एक साथ कई गंभीर कमियां सामने आईं।
मान्यता समाप्त करने की अनुशंसा
निरीक्षण के बाद एसडीएम राहुल सिलाडिया ने स्कूल की मान्यता समाप्त करने की अनुशंसा अपने जांच प्रतिवेदन में की है। अब नियम विरुद्ध तरीके से संचालित पाए गए स्कूल की मान्यता समाप्त करने का प्रस्ताव जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से आगे भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
छात्रों की शिफ्टिंग पर जेडी कार्यालय लेगा फैसला
बताया गया है कि प्रस्ताव पहले जिला शिक्षा केंद्र और फिर जेडी कार्यालय को भेजा जाएगा। स्कूल में वर्तमान में अध्ययनरत विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए उनकी शिफ्टिंग का निर्णय जेडी कार्यालय द्वारा लिया जाएगा।