जिला अस्पताल पहुंचने से पहले एम्बुलेंस में हुई गर्भवती की डिलीवरी, जच्चा-बच्चा स्वस्थ

सतना जिले के रामनगर से रेफर की गई एक गर्भवती महिला ने जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही 108 एम्बुलेंस में बच्चे को जन्म दिया। जिला अस्पताल परिसर पहुंचते ही प्रसूति विभाग की टीम ने जच्चा-बच्चा को तत्काल वार्ड में भर्ती कराया। दोनों की हालत फिलहाल स्वस्थ बताई गई है।

पुरानी मेडिकल हिस्ट्री के चलते किया गया रेफर

रामनगर निवासी रेखा पाठक (25) को शुक्रवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने जांच के दौरान पाया कि महिला की पुरानी मेडिकल हिस्ट्री जोखिमपूर्ण रही है। साथ ही वॉटर डिस्चार्ज होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल शासकीय जिला चिकित्सालय, सतना रेफर कर दिया गया।

आठ साल पहले भी हुई थी जटिल डिलीवरी

मेडिकल ऑफिसर डॉ. महेंद्र मीणा के अनुसार, करीब आठ वर्ष पहले महिला की पहली डिलीवरी के दौरान गर्भस्थ शिशु ने गंदा पानी पी लिया था। उस समय भी उसे जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा था। इसी मेडिकल हिस्ट्री को देखते हुए इस बार भी जोखिम नहीं लिया गया।

जिला अस्पताल की ड्योढ़ी पर एम्बुलेंस में हुआ प्रसव

शाम करीब 6 बजे जब 108 एम्बुलेंस जिला अस्पताल पहुंची, तब तक महिला की प्रसव पीड़ा तेज हो चुकी थी और अस्पताल की ड्योढ़ी पर ही एम्बुलेंस के भीतर सुरक्षित प्रसव हो गया। एम्बुलेंस स्टाफ ने तत्काल प्रसूति विभाग को सूचना दी।

नर्सिंग स्टाफ ने संभाली स्थिति

सूचना मिलते ही प्रसूति विभाग का नर्सिंग स्टाफ व्हीलचेयर लेकर मौके पर पहुंचा। नर्सिंग ऑफिसर ने एम्बुलेंस में ही नवजात की नाल काटी और जच्चा-बच्चा को तत्काल प्रसूति वार्ड में भर्ती कराया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और चिकित्सकीय निगरानी में हैं।

समय पर रेफरल और टीमवर्क से टला जोखिम

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, समय रहते मरीज को रेफर करने, 108 एम्बुलेंस सेवा और जिला अस्पताल की तत्परता के कारण सुरक्षित प्रसव संभव हो सका। इससे किसी भी संभावित जटिलता से बचाव हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *