पन्ना में 102 बोरी यूरिया जब्त, प्रशासन ने दो वाहन पकड़े; जांच शुरू

पन्‍ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पवई में खरीफ सीजन के दौरान यूरिया की बढ़ती मांग के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। छत्रसाल स्टेडियम के पास दो वाहनों से 102 बोरी यूरिया जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।

छत्रसाल स्टेडियम के पास हुई कार्रवाई

शुक्रवार शाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने छत्रसाल स्टेडियम के पास दो वाहनों की जांच की। जांच के दौरान दोनों वाहनों से बड़ी मात्रा में यूरिया बरामद होने पर उसे जब्त कर लिया गया।

दो वाहनों से मिली 102 बोरी यूरिया

कार्रवाई के दौरान वाहन क्रमांक MP21 ZB 1813 से 52 बोरी तथा वाहन क्रमांक MP35 GA 1295 से 50 बोरी यूरिया बरामद हुई। इस तरह दोनों वाहनों से कुल 102 बोरी यूरिया जब्त की गई। प्रशासन के अनुसार वाहन MP35 GA 1295 के चालक धर्मेंद्र कुशवाहा और वाहन MP21 ZB 1813 के चालक वीरेन्द्र राय बताए गए हैं। अधिकारियों ने दोनों वाहनों से संबंधित दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

दस्तावेजों की हो रही जांच

प्रशासन अब यूरिया के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों, अनुमति और वैधता की जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों वाहनों और जब्त खाद को पवई थाने में सुरक्षित रखा गया है। खरीफ सीजन में किसानों के लिए यूरिया की मांग बढ़ने के कारण प्रशासन अवैध भंडारण और परिवहन पर लगातार नजर बनाए हुए है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खाद परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *