सतना। डिजिटल डेस्क
सतना में भाजपा महिला मोर्चा के विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी के पुतले को जलाने के तरीके पर विवाद खड़ा हो गया है। सोमवार शाम जयस्तंभ चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय के पास हुए प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसकी निंदा की। प्रदर्शन के दौरान पुतले का कुर्ता ऊपर उठाकर मशाल से आग लगाई गई। कांग्रेस ने इसे शर्मनाक हरकत बताया है।
वीडियो देखें
भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन
जानकारी के मुताबिक, भाजपा महिला मोर्चा की महिलाएं सोमवार शाम करीब 5 बजे जयस्तंभ चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं। प्रदर्शनकारियों के हाथों में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला था। प्रदर्शन के दौरान पुतले का कुर्ता ऊपर उठाकर आग लगाई गई। इस तरीके को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुस्मिता सिंह ने किया। इसमें पार्टी की महिला पदाधिकारियों और अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया।
कांग्रेस ने की निंदा
वीडियो वायरल होने के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण हेमलता सिंह और शहर अध्यक्ष डाली चौरसिया ने पुतला दहन के तरीके की निंदा की। कांग्रेस नेताओं ने इसे शर्मनाक बताते हुए विरोध जताया। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक विरोध के तरीकों और सार्वजनिक प्रदर्शनों में इस्तेमाल होने वाली भाषा व प्रतीकों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
क्या है प्रदर्शन की वजह
भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस सांसद और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर छात्राओं द्वारा लगाए गए कथित यौन दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मामले में पार्टी के सांसद की भूमिका पर स्पष्ट रुख बताने की मांग की।
भाजपा के कई पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रदर्शन में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुस्मिता सिंह के साथ मनीषा सिंह, पूर्व महापौर विमला पांडेय और ममता पांडेय, वर्षा त्रिपाठी, शिखा सिंह, साधना पटेल, विनीता शर्मा, खुशी गुप्ता, मोना सिंह, साधना सिंह, अनुजा सिंह, सखी डोहर, प्रभा पांडेय, राधा श्रीवास्तव, चंद्रप्रभा गौतम, आकांक्षा सिंह, श्रद्धा सिंह, संगीता सोनी, पूनम यादव और प्रिया त्रिपाठी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
भाजपा जिला अध्यक्ष भगवती पांडेय, उपाध्यक्ष ऋषभ सिंह, सीडीए अध्यक्ष विजय यादव, ऊषा चौधरी, नरेंद्र त्रिपाठी, विजय तिवारी, संजय अग्रवाल, महेंद्र तिवारी, लोकेश त्रिपाठी और केके त्रिपाठी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।