सतना। डिजिटल डेस्क
सतना जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से एक आवारा कुत्ते की मौत के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दो चार पहिया वाहनों में सवार आधा दर्जन से अधिक लोगों ने ट्रक चालक को रोककर बंदूक की बट और लात-घूंसों से पीटा। घटना के बाद चालक ने अपना ट्रक सड़क के बीच खड़ा कर दिया, जिससे स्टेट हाईवे पर जाम लग गया।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 5 बजे ठाड़ी-पाथर के पास की है। ट्रक चालक रंजीत विश्वकर्मा अमानगंज से क्लिंकर लोड कर शंकरगढ़ जा रहा था। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता ट्रक की चपेट में आ गया।
बड़े हनुमान मंदिर के पास ट्रक रोककर मारपीट
बताया गया कि कुत्ते की मौत के बाद दो चार पहिया वाहनों में सवार लोग ट्रक का पीछा करते हुए बड़े हनुमान मंदिर के पास पहुंचे। आरोप है कि वहां ट्रक रुकवाकर चालक रंजीत विश्वकर्मा के साथ मारपीट की गई। एक कार का नंबर MP 04 ZY 1708 बताया गया है।
जंगल की ओर भागकर बचाई जान
मारपीट से बचने के लिए चालक जंगल की तरफ भाग गया और डायल 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी अपने वाहन लेकर फरार हो चुके थे।
इस बीच सड़क के बीच ट्रक खड़ा होने से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने ट्रक हटवाकर यातायात बहाल कराया और चालक को थाने ले गई।
आरोपियों और ट्रक चालक के खिलाफ भी मामला दर्ज
मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे के मुताबिक, चालक के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। वहीं, सड़क बाधित करने के मामले में ट्रक चालक के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। घटना में इस्तेमाल हथियार और मारपीट के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।