सतना। डिजिटल डेस्क
सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र में दुरेहा घाट के पास मंगलवार दोपहर मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 50 वर्षीय रामकिशोर कोल की मौत हो गई, जबकि करीब 20 मजदूर घायल हो गए। बताया गया कि वाहन में 30 से 40 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर जसो पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए नागौद अस्पताल पहुंचाया। मृतक रामकिशोर कोल, उचेहरा थाना क्षेत्र के तुसगवां गांव के निवासी थे।
मूंगफली तोड़ने छतरपुर जा रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, पिकअप तुसगवां-पटिहट क्षेत्र से मजदूरों को लेकर छतरपुर जा रही थी। दोपहर करीब 12 बजे दुरेहा घाट के मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के समय पिकअप में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे।
तेज रफ्तार से वाहन चलाने का आरोप
घायल मजदूरों के अनुसार, चालक तेज गति से पिकअप चला रहा था। उन्होंने कई बार उसे रफ्तार कम करने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि चालक ने उनकी बात नहीं मानी। घाट के मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होने के बाद पलट गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे में घायल मजदूरों को नागौद अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों और चालक की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद होगी।
मृतक: रामकिशोर कोल, पिता कंछेदी कोल, उम्र 50 वर्ष, निवासी तुसगवां, थाना उचेहरा।
घायलों की सूची: सोमवती आदिवासी (20), फूलबाई आदिवासी (12), शुक्ला आदिवासी (38), सविता भुमिया (18), सेच्यो बाई (18), फूलबाई (18), सुमित बाई (10), रखीना आदिवासी (12), अरमान (17), सुनील (32), सूप्पीलाल (50), रसनी (18), कृष्णा आदिवासी (24), अजय (25), शैलेन्द्र आदिवासी (40), मथिया बाई (50), दम्मू आदिवासी (27), कल्ली बाई (25), पार्वती आदिवासी (50) और निमिया बाई भुमिया (50)।