सतना। डिजिटल डेस्क
सतना में नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी की हत्या के बाद शव नहर में फेंकने और पुलिस को गुमराह करने के लिए पति खुद थाने पहुंच गया। उसने पत्नी के लापता होने की झूठी कहानी बताकर गुमशुदगी दर्ज कराई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी कहानी की पोल खोल दी।
थाने पहुंचकर पति ने बताई पत्नी के लापता होने की कहानी
पुलिस के मुताबिक, 1 अगस्त की शाम राजकुमार पुत्र रामभजन दाहिया, उम्र 25 वर्ष, निवासी मरौंहा थाना रामपुर बाघेलान, कोलगवां थाने पहुंचा था।
उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी सरस्वती दाहिया, उम्र 22 वर्ष, की तबीयत खराब थी। इलाज के लिए वह उसे माधवगढ़ लेकर आया था। दवा दिलाने के बाद उसने पत्नी को माधवगढ़ हायर सेकंडरी स्कूल के बाहर छोड़ दिया और जरूरी काम से मटेहना चला गया।
राजकुमार के मुताबिक, करीब 20 मिनट बाद जब वह वापस लौटा तो पत्नी वहां नहीं मिली। इसके बाद उसने कोलगवां थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
18 घंटे बाद नहर में मिली नवविवाहिता की लाश
पुलिस ने महिला की तलाश शुरू ही की थी कि अगले दिन सराय गांव के पास नहर में एक महिला की लाश उतराती मिली।
पहचान होने पर शव सरस्वती दाहिया का निकला। घटना की जानकारी मिलते ही मृतिका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई और हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन किया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने परिजनों को उचित वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस का शक गहरा गया। रिपोर्ट में महिला की मौत गला दबाने और सिर पर गंभीर चोट लगने से होने की बात सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और राजकुमार को प्रमुख संदेही के तौर पर हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राजकुमार ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की। उसने कथित तौर पर बताया कि पत्नी उस पर चरित्र को लेकर संदेह करती थी और दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था।
हत्या के बाद शव नहर में फेंका
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पत्नी की हत्या करने के बाद शव को नहर में फेंक दिया था। इसके बाद परिजनों और पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने पत्नी के लापता होने की झूठी कहानी तैयार की और थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1), 85, 80(2) और 238 के तहत प्रकरण दर्ज किया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
दहेज समेत अन्य आरोपों की भी जांच
सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, मृतिका के माता-पिता और अन्य परिजनों ने पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
12 मई को हुई थी शादी
सरस्वती दाहिया का मायका रामपुर क्षेत्र के मरौंहा गांव में था। उसकी शादी इसी साल 12 मई को राजकुमार दाहिया से हुई थी।
शादी के कुछ ही महीनों बाद उसकी हत्या की घटना सामने आने से मायके पक्ष में आक्रोश है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।