जन विश्‍वास कार्यक्रम में हंगामा, किसान ने खाया जहर; दूसरे ने आग लगाने की कोशिश

टीकमगढ़। डिजिटल डेस्क

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के टीकमगढ़ दौरे के दौरान शुक्रवार को जन जन विश्‍वास कार्यक्रम में उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीन पर कथित कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचे एक किसान ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति ने खुद को आग लगाने का प्रयास किया।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्र का किया दौरा

सीएम शुक्रवार को जन विश्‍वास कार्यक्रम में शामिल होने टीकमगढ़ पहुंचे। दौरे की शुरुआत उन्होंने जिला अस्पताल के निरीक्षण से की।

इसके बाद मुख्यमंत्री ताखा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने उनके सामने स्थानीय समस्याएं रखीं। इस दौरान पानी की समस्या प्रमुख रूप से सामने आई।

इसके बाद मुख्यमंत्री नगर पालिका परिषद पहुंचे, जहां जन विश्‍वास कार्यक्रम के तहत लोगों की शिकायतें और समस्याएं सुनी जा रही थीं।

जमीन पर कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचा था किसान

जानकारी के अनुसार टीकमगढ़ निवासी सत्‍येन्‍द्र कुशवाहा अपनी पत्नी और बेटी के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह अपनी जमीन पर कथित तौर पर दबंगों द्वारा कब्जे की शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखना चाहते थे।

आरोप है कि उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने नहीं दिया गया। इसके बाद उन्होंने नगर पालिका परिषद के बाहर कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया।

कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रिक्शे की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया।

दूसरे व्यक्ति ने आग लगाने की कोशिश की

इसी दौरान कार्यक्रम स्थल पर टीकमगढ़ निवासी गंगू नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद को आग लगाने का प्रयास किया।

बताया गया कि उसने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया और ज्वलनशील पदार्थ को हटाकर स्थिति नियंत्रित की।

गंगू ने किस समस्या के चलते यह कदम उठाने का प्रयास किया, इसकी तत्काल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान एक के बाद एक दो घटनाएं सामने आने से प्रशासनिक अमले में अफरा-तफरी मच गई।

जिस समय मुख्यमंत्री लोगों की शिकायतें सुन रहे थे, उसी दौरान दो लोगों द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के प्रयास ने कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

फिलहाल सछ्येंद्र कुशवाहा का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं, आग लगाने का प्रयास करने वाले गंगू को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *